चिरायिनकीझू घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: मुख्यमंत्री सतीशन

चिरायिनकीझू घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: मुख्यमंत्री सतीशन

चिरायिनकीझू घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: मुख्यमंत्री सतीशन
Modified Date: September 9, 2026 / 06:06 pm IST
Published Date: September 9, 2026 6:06 pm IST

तिरुवनंतपुरम, नौ सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी चिरायिनकीझू में विधायक राम्या हरिदास और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुई हालिया झड़प जैसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष द्वारा दी जाएगी।

उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, ‘पार्टी नेताओं ने इस मुद्दे पर चर्चा की है। पार्टी ऐसी गतिविधियों को कतई सहन नहीं करेगी।’

इस घटना में हरिदास कथित तौर पर घायल हो गयी थीं। उसके बाद वहां क्या हुआ था, इसे लेकर विरोधाभासी बयान सामने आए हैं।

हरिदास ने आरोप लगाया कि स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने उन पर हमला किया और उन्हें धमकी दी। वहीं, जिला पंचायत सदस्य सजित मुथंबलम और एस सज्जाद ने दावा किया कि एक व्हाट्सऐप पोस्ट को लेकर विधायक हरिदास और पलायम प्रदीप उनसे उलझ गए थे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई।

पलायम प्रदीप विधायक राम्या हरिदास के निजी सहायक हैं। पार्टी से निलंबित किए जाने के बावजूद विधायक हरिदास द्वारा उन्हें निजी सहायक के तौर पर रखने की कोशिश पर केपीसीसी के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

मामले की जांच का जिम्मा संभालने वाले एलडीएफ (वाम लोकतांत्रिक मोर्चा) के संयोजक एम. एम. हसन की रिपोर्ट के आधार पर केपीसीसी ने बाद में प्रदीप और सज्जाद को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया।

उन्हें सार्वजनिक रूप से पार्टी की छवि धूमिल करने और ‘गंभीर संगठनात्मक अनुशासनहीनता’ के आरोप में निलंबित किया गया है।

भाषा सुमित नरेश माधव

माधव


लेखक के बारे में