नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) फिल्म निर्माता क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ ने रिलीज के पहले सप्ताह में भारत के सिनेमाघरों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। इसके साथ ही भारत के बॉक्स ऑफिस पर कमाई के लिहाज से यह वर्ष की सबसे सफल हॉलीवुड फिल्म बन गई है।
फिल्म में मैट डेमन ने ओडिसियस, टॉम हॉलैंड ने टेलीमेकस, जेंडाया ने एथेना, रॉबर्ट पैटिनसन ने एंटिनस, लुपिता न्योंगो ने हेलन ऑफ ट्रॉय एवं क्लाइटेमनेस्ट्रा, ऐन हैथवे ने पेनेलोप और चार्लीज थेरॉन ने कैलिप्सो सहित कई अहम किरदार निभाए हैं।
यह फिल्म दुनियाभर में 17 जुलाई को रिलीज हुई।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिल्म ने शुरुआती सप्ताहांत में भारत में 70 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की और ‘ओपेनहाइमर’ के बाद नोलन की दूसरी ऐसी फिल्म बन गई जिसने भारतीय सिनेमाघरों में 100 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार किया।
‘वार्नर ब्रदर्स पिक्चर्स इंडिया’ के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डेंजिल डायस ने एक बयान में कहा, ‘‘किसी यात्रा की अहमियत उसकी शुरुआत से नहीं, बल्कि इस बात से तय होती है कि वह कितनी दूर तक पहुंचती है। ‘द ओडिसी’ की शुरुआती सफलता ने दिखाया कि भारत के दर्शक इस फिल्म के लिए तैयार थे। इसके बाद रोजाना दर्शकों का सिनेमाघरों में उमड़ना और हर उपलब्ध स्क्रीन का भर जाना दर्शकों के भरोसे को दर्शाता है। एक सप्ताह में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना केवल एक उपलब्धि का आंकड़ा है।’’
‘द ओडिसी’ की कहानी यूनानी राजा ओडिसियस (मैट डेमन) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो ‘ट्रॉजन वॉर’ के बाद अपने घर लौटने के लिए 10 साल की बेहद खतरनाक यात्रा पर निकलता है।
ओडिसियस इस दौरान प्रतिशोध लेने पर आमादा देवताओं, समुद्री राक्षसों और मायावी स्त्रियों जैसी चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी पत्नी पेनेलोप (ऐन हैथवे) और बेटे टेलीमेकस (टॉम हॉलैंड) से दोबारा मिलने के लिए संघर्ष करता है।
फिल्म का निर्माण ‘सिंकोपी इंक’ के बैनर तले किया गया है।
भाषा गोला नरेश
नरेश