नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में सोमवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) की भी चर्चा हुई और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत तथा कुछ अन्य नेताओं ने इस अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।
हालांकि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) की नेता सुप्रिया सुले और पीपुल्स डेमोक्रेटिकट पार्टी (पीडीपी) की नेता महबूबा मुफ्ती ने सीजेपी के अचानक से उभार और वैचारिक जमीन को लेकर संदेह व्यक्त किया।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में शामिल कांग्रेस नेताओं की तरफ से इसको लेकर कुछ खास नहीं कहा गया, हालांकि राहुल गांधी ने एक अलग संदर्भ में इस बात पर जोर दिया कि विपक्षी दलों को नागरिक समाज के जनांदोलनों के साथ अधिक जुड़ाव की जरूरत है।
सूत्रों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता अब्दुल्ला ने सीधे तौर पर सीजेपी का समर्थन किया।
सूत्रों के मुताबिक, अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘आइए उनके साथ जुड़ें, वे जरूर कुछ सही कर रहे होंगे।’’
अब्दुल्ला ने यह भी स्पष्ट रूप से कहा है कि गठबंधन के घटकों को यह स्वीकार करने की आवश्यकता है कि कांग्रेस वह गोंद है, जो गठबंधन को एकजुट रखती है।
सूत्रों ने बताया कि शिवसेना (उबाठा) के नेता उद्धव ठाकरे और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सीजेपी को लेकर सकारात्मक राय जाहिर की।
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप