पंजाब के होशियारपुर में नाबालिगों के दो गुटों में झड़प; एक की मौत, चार घायल
पंजाब के होशियारपुर में नाबालिगों के दो गुटों में झड़प; एक की मौत, चार घायल
होशियारपुर, 17 सितंबर (भाषा) पंजाब के होशियारपुर जिले में ठाकरी गांव के पास नाबालिगों के दो गुटों के बीच धारदार और कुंद हथियारों से हुई झड़प में 16 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई, जबकि चार अन्य किशोर घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान तलवंडी दादियां गांव निवासी सरबजीत सिंह के रूप में हुई है।
टांडा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे टांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से दो गुटों के लड़कों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी।
डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तलवंडी सल्लां और तलवंडी दादियां गांवों के 12 से 16 वर्ष की आयु के लड़कों के बीच ठाकरी गांव के पास झड़प हुई, जिसमें कई घायल हो गए।
प्राथमिकी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद था।
डीएसपी ने बताया कि झड़प में सरबजीत गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए होशियारपुर रेफर किया गया था, जहां बृहस्पतिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
टांडा थाना प्रभारी (एसएचओ) निरीक्षक अमरजीत कौर ने बताया कि घटना में चार नाबालिग घायल हुए हैं, जिन्हें टांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि टांडा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम पारुल
पारुल

Facebook


