मुख्यमंत्री व उपराज्यपाल ने डीडीए की बहुस्तरीय पार्किंग का उद्घाटन किया

Ads

मुख्यमंत्री व उपराज्यपाल ने डीडीए की बहुस्तरीय पार्किंग का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 08:20 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 08:20 PM IST

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सोमवार को नेहरू प्लेस डिस्ट्रिक्ट सेंटर में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा निर्मित छह मंजिला बहुस्तरीय पार्किंग का उद्घाटन किया।

इसके बाद गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी की पुरानी समस्याओं को हल करने के लिए तेज़ी से काम किया जा रहा है।

गुप्ता ने कहा कि नयी छह मंजिला आधुनिक इमारत में एक समय में 650 चार पहिया वाहन और 352 दो पहिया वाहन खड़े करने की क्षमता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर दिल्ली सरकार और उसके अधिकारियों के बीच समन्वय और सहयोग के कारण ही दिल्ली का विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘पिछली सरकारों ने केंद्र और उपराज्यपाल के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रयास नहीं किए, जिसके परिणामस्वरूप कई जन कल्याणकारी परियोजनाएं वर्षों तक लंबित रहीं।’

उन्होंने कहा, “अब दिल्ली का विकास हो रहा है, यह स्वच्छ हो रही है, यह सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए व्यापक समन्वय, उपराज्यपाल के मार्गदर्शन, दिल्ली सरकार की कड़ी मेहनत और हमारे अधिकारियों के समर्पण के कारण संभव हो रहा है।”

गुप्ता ने कहा कि उपराज्यपाल सक्सेना ने नयी सरकार को हर कदम पर मार्गदर्शन दिया, यही कारण है कि अब इतने सारे विकास कार्य हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह नया आधुनिक, छह मंजिला पार्किंग स्थल शहर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक, यानी पार्किंग की समस्या को हल करने की दिशा में एक कदम है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह बहुस्तरीय पार्किंग पूरी तरह भूकंपरोधी एवं सीसीटीवी कैमरों से लैस है। उनके मुताबिक, इसमें इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की चार्जिंग की सुविधा है और यह दिव्यांगजनों के लिए भी पूरी तरह अनुकूल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की पुरानी समस्याओं का समाधान अब तेजी से हो रहा है तथा दिल्ली को जो आधुनिक सुविधाएं चाहिए, उन्हें ‘मिशन मोड’ में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कहा, “दिल्ली में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए सभी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) की पार्किंग को लेकर अनेक नयी परियोजनाओं की दिशा में काम बढ़ रहा है। डीडीए अपना काम कर रहा है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार भी हर जगह पार्किंग सुव्यवस्थित करने के लिए काम कर रही है ताकि यातायात जाम कम हो और सड़कों पर गाड़ियां सुचारु रूप से चल सकें।

उन्होंने कहा कि अब नेहरू प्लेस आने वाले हजारों लोगों को पार्किंग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और इस पूरे इलाके में यातायात जाम से भी राहत मिलेगी।”

नवनिर्मित पार्किंग स्थल के बारे में गुप्ता ने कहा, ‘रोटेशन के आधार पर, इससे प्रतिदिन लगभग 2,000 वाहनों की पार्किंग की सुविधा मिलने की उम्मीद है। दिल्ली की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए यह एक महत्वपूर्ण कदम है। पार्किंग की गंभीर कमी वाले क्षेत्रों में उपलब्ध डीडीए भूमि पर पार्क या पार्किंग सुविधाएं विकसित करने के लिए एक व्यापक योजना तैयार की जा रही है।’

उपराज्यपाल सक्सेना ने कहा कि नेहरू प्लेस में स्वचालित बहुस्तरीय कार पार्किंग परिसर अत्यंत संतोष का विषय है।

उन्होंने कहा, ‘यह लोगों की आवश्यकता को पूरा करता है और क्षेत्र में अनधिकृत पार्किंग के कारण गाड़ियों की भीड़-भाड़ और यातायात को काफी हद तक कम करेगा।’

अनधिकृत पार्किंग को कतई स्वीकार नहीं करने की दिल्ली सरकार की नीति को दोहराते हुए, सक्सेना ने लोगों से इस आधुनिक सुविधा का उपयोग करने और हरित और स्मार्ट दिल्ली के लिए सरकार के दृष्टिकोण का समर्थन करने का आग्रह किया।

डीडीए ने एक बयान में कहा, ‘यह पार्किंग स्थल 148 सीसीटीवी कैमरों से लैस व्यापक निगरानी प्रणाली के माध्यम से सुरक्षित है और इसमें उन्नत अग्निशमन प्रणाली और दिव्यांगजन-अनुकूल पहुंच की व्यवस्था है।”

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश