नड्डा मंगलवार को ‘इंडिया एआई समिट’ में दो प्रमुख राष्ट्रीय पहल की शुरुआत करेंगे

Ads

नड्डा मंगलवार को ‘इंडिया एआई समिट’ में दो प्रमुख राष्ट्रीय पहल की शुरुआत करेंगे

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 10:03 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 10:03 PM IST

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा यहां ‘भारत मंडपम’ में आयोजित ‘इंडिया एआई समिट’ में मंगलवार को दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल की शुरुआत करेंगे। इनमें भारत में स्वास्थ्य सेवा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की रणनीति (एसएएचआई) और स्वास्थ्य सेवा में एआई के लिए बेंचमार्किंग ओपन डेटा प्लेटफॉर्म (बीओडीएच) शामिल है।

‘एसएएचआई’ भारत में स्वास्थ्य प्रणाली में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को सुरक्षित, नैतिक, साक्ष्य-आधारित और समावेशी रूप से शामिल करने के लिए एक राष्ट्रीय परामर्श ढांचा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में कहा कि ‘एसएएचआई’ का मकसद एआई समाधानों के इस्तेमाल, डेटा प्रबंधन, सत्यापन, तैनाती और निगरानी के सिलसिले में रणनीतिक दिशा प्रदान करना है।

बयान में कहा गया है कि इस पहल का उद्देश्य एआई समाधानों को सार्वजनिक स्वास्थ्य प्राथमिकताओं के अनुरूप जिम्मेदार तरीके से अपनाने में राज्यों और संस्थानों की मदद करना है।

बयान के मुताबिक, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर की ओर से राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के सहयोग से विकसित ‘बीओडीएच’ गोपनीयता की रक्षा करने वाला एक बेंचमार्किंग मंच है, जो अंतर्निहित डेटासेट को साझा किए बिना, विविध, वास्तविक दुनिया के स्वास्थ्य डेटा का इस्तेमाल करके एआई मॉडल का कठोर मूल्यांकन करने की सुविधा प्रदान करता है।

इसमें कहा गया है कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत विकसित ‘बीओडीएच’ को स्वास्थ्य सेवा में एआई के इस्तेमाल में विश्वास, पारदर्शिता और गुणवत्ता बढ़ाने के इरादे से तैयार किया गया है।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप