मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का धर्मदम में ‘संघर्ष’ एक राजनीतिक संदेश : आरएमपी नेता

Ads

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का धर्मदम में 'संघर्ष' एक राजनीतिक संदेश : आरएमपी नेता

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 02:06 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 02:06 PM IST

कोझिकोड, चार मई (भाषा) आरएमपी की नेता के.के. रेमा ने सोमवार को कहा कि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का धर्मदम निर्वाचन क्षेत्र में ‘संघर्ष करना’ ही सत्तारूढ़ माकपा को एक राजनीतिक संदेश देता है।

चार मई, 2012 को अपने पति टी पी चंद्रशेखरन की कथित तौर पर माकपा कार्यकर्ताओं के एक समूह द्वारा की हत्या के बाद रेमा ने चुनावी राजनीति में प्रवेश किया। इस मामले ने राज्य में एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया था।

केरल विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती जारी रहने के बीच, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सहयोगी आरएमपी सोमवार को चंद्रशेखरन की पुण्यतिथि मना रही है।

आरएमपी नेता ने फेसबुक पोस्ट में धर्मदम में करीबी मुकाबले पर प्रतिक्रिया व्यक्त की, जहां विजयन को कांग्रेस उम्मीदवार वी पी अब्दुल रशीद से कड़ी चुनौती मिल रही है।

वडाकारा से चुनाव लड़ रहीं रेमा मतगणना की शुरुआत से ही आगे हैं।

धर्मदम में मतगणना के पहले छह दौर में विजयन के पिछड़ने का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा, “छह दौर बीत चुके हैं। बस करो, केरल। अब बहुत हो गया।”

शुरुआती चरणों में पिछड़ रहे विजयन ने मतगणना आगे बढ़ने के साथ ही मामूली बढ़त हासिल कर ली है।

मुख्यमंत्री की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने कथित तौर पर दूसरों को ‘देशद्रोही’ करार दिया और उनके खात्मे का आह्वान किया, वह अब बेनकाब खड़ा है।

उन्होंने दिवंगत आरएमपी नेता और अपने पति का जिक्र करते हुए कहा, “चंद्रशेखरन ने बारह साल के लंबे इंतजार के बाद यह देखा है।”

भाषा तान्या वैभव

वैभव