लुधियाना, छह जून (भाषा) दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन के शनिवार को लुधियाना रेलवे स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही समय बाद ट्रेन का एक स्लीपर कोच शौचालय के निकट दरार आने के कारण आंशिक रूप से अलग हो गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के एस-2 कोच में संरचनात्मक गड़बड़ी आने के कारण शौचालय के पास का हिस्सा धंस गया। अधिकारियों ने बताया कि कोच का ढांचा क्षतिग्रस्त होने से शौचालय की सीट सहित अन्य सामान पटरियों पर गिर गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
यात्रियों के अनुसार, ट्रेन चलते ही अचानक जोरदार झटका महसूस हुआ, जिससे उन्हें ट्रेन के पटरी से उतरने की आशंका हुई। इसके बाद कई यात्री तुरंत कोच से बाहर निकल गए।
रेलवे अधिकारी और आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे तथा प्रभावित कोच से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उसे ट्रेन से अलग कर दिया।
लुधियाना स्टेशन निदेशक आदित्य ने बताया कि ट्रेन में एक वैकल्पिक कोच जोड़ दिया गया, जिसके बाद ट्रेन को बिना किसी विशेष विलंब के कटरा के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
राजकीय रेलवे पुलिस के उपाधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की साजिश या तोड़फोड़ के प्रमाण नहीं मिले हैं।
अधिकारियों का मानना है कि किसी तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन के चलने के बाद कोच का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ।
अधिकारियों ने कहा कि यदि यह खराबी ट्रेन के तेज गति से चलने के दौरान हुई होती तो इसके परिणाम कहीं अधिक गंभीर हो सकते थे।
भाषा अमित शोभना
शोभना