दमन, 18 अगस्त (भाषा) भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) की दमन इकाई ने मंगलवार को अरब सागर में कथित तौर पर डूब रही एक नौका से नौ मछुआरों को सुरक्षित बचा लिया। इनमें से तीन मछुआरे घायल थे। तटरक्षक बल ने यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नौ मछुआरों को लेकर जा रही मछली पकड़ने वाली भारतीय नौका के डूबने की सूचना मिलने के बाद दमन स्थित आईसीजी एयर स्टेशन (आईसीजीएएस) ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।
बचाव अभियान के लिए आईसीजीएएस ने एक चेतक हेलीकॉप्टर को नौका की बताई गई स्थिति पर भेजा और सभी नौ मछुआरों को सुरक्षित निकाल लिया।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘ बचाव अभियान के दौरान पता चला कि तीन मछुआरों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें दमन स्थित आईसीजीएएस लाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।’’
तटरक्षक बल ने कहा कि उसके त्वरित और समन्वित प्रयासों से संभावित हादसा टल गया।
भाषा राखी दिलीप
दिलीप