कॉजपा का संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने का दावा
कॉजपा का संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने का दावा
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने सोमवार को दावा किया कि उसके संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कॉजपा ने यह भी आरोप लगाया कि सुरक्षाबलों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया।
कॉजपा प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सांसदों से छात्रों के समर्थन में खड़े होने की अपील की। दास ने कहा, ‘‘दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हम सभी सांसदों से अनुरोध करते हैं कि वे तुरंत सड़कों पर उतरकर छात्रों के समर्थन में खड़े हों। पुलिस शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बेरहमी से कार्रवाई कर रही है और उनकी पिटाई कर रही है।’’
इससे पहले दिन में, मानसून सत्र के पहले दिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न पेशों से जुड़े लोग जंतर-मंतर तथा आसपास के क्षेत्रों में संसद मार्च के लिए एकत्रित हुए।
ऑनलाइन आंदोलन कॉजपा के बैनर तले जुटे प्रदर्शनकारी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने के मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।
मध्य दिल्ली में लगाए गए बैरिकेड तोड़ने वाले प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


