कॉजपा ने नीट प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी को लेकर न्यायालय के स्पष्टीकरण का स्वागत किया

Ads

कॉजपा ने नीट प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी को लेकर न्यायालय के स्पष्टीकरण का स्वागत किया

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 07:44 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 07:44 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने संबंधी उच्चतम न्यायालय के स्पष्टीकरण का सोमवार को स्वागत किया। इसने कहा कि उसे उम्मीद है कि केंद्र सरकार और भाजपा/राजग शासित राज्य 25 जुलाई के समझौते के तहत प्रदर्शनकारी छात्रों को दिए गए आश्वासनों को तुरंत लागू करेंगे।

उच्चतम न्यायालय ने स्पष्ट किया कि दिल्ली और अन्य राज्यों की सरकारें राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को कानून के अनुसार बंद कर सकती हैं या उन्हें वापस ले सकती हैं, बशर्ते उनका गंभीर और जघन्य अपराधों का कोई ‘‘आपराधिक रिकॉर्ड’’ नहीं हो।

न्यायालय का यह स्पष्टीकरण केंद्र सरकार के उस बयान के बाद आया है जिसमें केंद्र ने कहा था कि वह नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में दिल्ली में 20 जुलाई को हुए ‘संसद मार्च’ समेत अन्य प्रदर्शनों में शामिल छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं करने को लेकर ‘‘गंभीर’’ है, बशर्ते उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं हो।

कॉजपा के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश ने सरकार की उस प्रतिबद्धता को लेकर पैदा हुई भ्रम की स्थिति को दूर कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि गंभीर और जघन्य अपराधों के आरोपियों को छोड़कर अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।

दास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अब जबकि उच्चतम न्यायालय ने भ्रम की स्थिति को दूर कर दिया है, हम उम्मीद करते हैं कि भारत सरकार और सभी भाजपा/राजग शासित राज्य 25 जुलाई को देश के युवाओं को दिए गए आश्वासनों का तुरंत सम्मान करेंगे।’’

बाद में सुनवाई के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दास ने कहा कि अदालत ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के लिए स्वतंत्र हैं और ‘‘आपराधिक रिकॉर्ड’’ शब्द का अर्थ केवल उन लोगों से है, जिन पर हत्या और बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों के आरोप हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज युवाओं की एक और बड़ी जीत हुई है। उच्चतम न्यायालय ने स्पष्ट किया कि यदि राज्य को छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सभी प्राथमिकी वापस लेनी हैं, तो वह ऐसा कर सकता है। इसने यह भी स्पष्ट कर दिया कि भविष्य में केवल उन्हीं लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, जिन पर हत्या और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों के आरोप हैं।’’

दास ने कहा कि कॉजपा केंद्र सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के लगातार संपर्क में रही है और वह इन आश्वासनों के लागू होने की प्रक्रिया पर करीबी नजर रखेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले दिन से ही कॉजपा हर छात्र और हर प्रदर्शनकारी के साथ खड़ी रही है। पार्टी ने कानूनी सहायता, चिकित्सीय सहायता और अपनी क्षमता के अनुसार हर अन्य प्रकार की मदद उपलब्ध कराई है। इस देश के युवाओं ने अपने वादों का सम्मान किया है। अब समय आ गया है कि सरकार भी तुरंत अपने वादे का सम्मान करे।’’

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश