कॉजपा प्रदर्शन : ‘फाइमा’ ने रेजिडेंट चिकित्सकों पर बलप्रयोग की निंदा की

Ads

कॉजपा प्रदर्शन : ‘फाइमा’ ने रेजिडेंट चिकित्सकों पर बलप्रयोग की निंदा की

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 04:57 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 04:57 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (फाइमा) ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) द्वारा सोमवार को आयोजित प्रदर्शन के दौरान रेजिडेंट चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों पर कथित रूप से बल प्रयोग किए जाने की निंदा की है।

संगठन ने इस मामले में जवाबदेही तय करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की मांग की।

फाइमा ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा, ‘‘घायल चिकित्सकों के दृश्य और मेडिकल कॉलेज परिसर के आसपास कथित तौर पर आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की खबरें बेहद चिंताजनक हैं। किसी भी परिस्थिति में स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा अस्वीकार्य है।’’

संगठन ने कहा कि वह हिंसा प्रभावित सभी रेजिडेंट चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है।

बयान में कहा गया, ‘‘प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी को बिना किसी हिंसा के, बिना किसी भय के काम करने, शिक्षा प्राप्त करने और अपनी चिंताओं को शांतिपूर्ण ढंग से व्यक्त करने का अधिकार है।’’

उल्लेखनीय है कि संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को हजारों युवा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद के निकट एकत्र हुए थे। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

फाइमा ने ‘‘बल प्रयोग की किसी भी कथित अति के लिए जवाबदेही तय करने’’, ‘‘सभी स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने’’ तथा ‘‘शांतिपूर्ण समाधान के लिए संबंधित पक्षों के साथ सार्थक संवाद’’ की मांग की।

संगठन ने देशभर के रेजिडेंट चिकित्सक एसोसिएशनों से भी एकजुट रहने और अपने साथियों के समर्थन में खड़े होने की अपील की। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी प्रदर्शन शांतिपूर्ण और अनुशासित रहें।

बयान में कहा गया, ‘‘एक चिकित्सक पर चोट पूरे चिकित्सा समुदाय पर चोट के समान है।’’

यह बयान फाइमा के अध्यक्ष डॉ. जयदीप कुमार चौधरी, सह-अध्यक्ष डॉ. दीपेंद्र सेवड़ा और अध्यक्ष (प्रेसिडेंट) डॉ. श्रीनाथ दुब्याला की ओर से जारी किया गया।

भाषा रवि कांत रवि कांत मनीषा

मनीषा

मनीषा