हिमाचल में शीतलहर का प्रकोप जारी, 356 सड़कें अवरुद्ध

Ads

हिमाचल में शीतलहर का प्रकोप जारी, 356 सड़कें अवरुद्ध

  •  
  • Publish Date - February 23, 2024 / 07:14 PM IST,
    Updated On - February 23, 2024 / 07:14 PM IST

शिमला, 23 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले क्षेत्रों और जनजातीय इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी है तथा लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी शून्य से 14.8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही बर्फबारी के कारण अब भी चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 356 सड़कें अवरुद्ध हैं और 162 ट्रांसफार्मर खराब हो गए हैं। लाहौल-स्पीति में 269, चंबा में 58 और कुल्लु जिले में 21 सड़कें बंद हैं।

पांगी कल्याण संघ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल से मुलाकात की और उनसे पांगी के लिए उड़ानें शुरू करने का आग्रह किया।

इसके अध्यक्ष भगत बरोत्रा ने कहा बर्फबारी होने के कारण पांगी क्षेत्र में कई सड़कें बंद हैं जिससे बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को चंबा और कुल्लू पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय मौसम कार्यालय ने 24 से 29 फरवरी तक ऊंचाई वाले स्थानों के छिटपुट स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान जताया है। साथ ही, 26 और 27 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश होने का भी पूर्वानुमान किया है।

भाषा प्रीति प्रीति सुभाष

सुभाष