कश्मीर में रात का तापमान और गिरने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ा

Ads

कश्मीर में रात का तापमान और गिरने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ा

  •  
  • Publish Date - November 30, 2025 / 03:27 PM IST,
    Updated On - November 30, 2025 / 03:27 PM IST

श्रीनगर, 30 नवंबर (भाषा) कश्मीर में आसमान साफ रहने के कारण घाटी के अधिकांश स्थानों पर रात के तापमान में गिरावट आई है, जिससे इलाके में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घाटी के अधिकांश हिस्सों, खासकर जलाशयों के आसपास के इलाकों में कोहरे की परत छाई रही।

मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि बीती रात यानी शनिवार रात का न्यूनतम तापमान बृहस्पतिवार रात को दर्ज किये गए तापमान से थोड़ा अधिक था। जानकारी के मुताबिक, शहर में इस मौसम की सबसे सर्द रात बृहस्पतिवार रात (शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे) रही।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण कश्मीर का शोपियां शहर, शनिवार रात घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घाटी का प्रवेश द्वार माने जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा।

दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया। पर्यटन स्थल पहलगाम में भी न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और गुलमर्ग में तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग ने कश्मीर घाटी में 10 दिसंबर तक मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप