हास्य कलाकार ने ‘बार-बार मिल रही धमकियों’ के कारण तीन कार्यक्रम रद्द किए

हास्य कलाकार ने ‘बार-बार मिल रही धमकियों’ के कारण तीन कार्यक्रम रद्द किए

हास्य कलाकार ने ‘बार-बार मिल रही धमकियों’ के कारण तीन कार्यक्रम रद्द किए
Modified Date: September 22, 2026 / 03:27 pm IST
Published Date: September 22, 2026 3:27 pm IST

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ एक कार्यक्रम में नजर आए हास्य कलाकार पुलकित मणि ने घोषणा की है कि नोएडा, लखनऊ और कानपुर में होने वाले उनके आगामी स्टैंड-अप कार्यक्रम “गुंडा कार्यकर्ताओं की ओर से बार-बार मिल रही धमकियों” के कारण रद्द कर दिए गए हैं।

इंदौर में विपक्ष के नेता के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी की नकल उतारने के बाद से मणि बड़े विवाद के केंद्र में हैं।

हास्य कलाकार ने सोमवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट में कहा कि नोएडा में उनका कार्यक्रम “अप्रत्याशित परिस्थितियों” के कारण रद्द कर दिया गया है।

उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मुझे यह बताते हुए खेद है कि अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण नोएडा में मेरा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। असुविधा के लिए मैं ईमानदारी से माफी मांगता हूं और आपकी समझ तथा समर्थन के लिए आभारी हूं।” इंस्टाग्राम स्टोरी की 24 घंटे की समयसीमा के कारण यह पोस्ट अब दिखाई नहीं दे रही है।

इसके बाद की एक पोस्ट में स्टैंड-अप हास्य कलाकार ने अपने लखनऊ और कानपुर में होने वाले कार्यक्रमों को रद्द किए जाने की घोषणा की।

मणि ने पोस्ट में कहा, “गुंडा कार्यकर्ताओं की ओर से बार-बार मिल रही धमकियों के कारण मेरे लखनऊ और कानपुर के कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।”

कांग्रेस की ओर से रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो में मणि को कार्यक्रम के दौरान गांधी के साथ एक लघु नाटिका में प्रधानमंत्री मोदी की नकल उतारते देखा गया।

इस लघु प्रस्तुति में मणि हंसते हुए मंच पर आए और गांधी को गले लगाया। उन्होंने कहा, “मेरे दोस्त, कैसे हो?” इस पर गांधी ने जवाब दिया, “मैं ठीक हूं, आप कैसे हैं मोदी जी?”

मणि ने जवाब दिया, “बहुत ज्यादा उत्पीड़न,” और “मेरे दोस्त” कहते हुए हंसते रहे। इसके बाद गांधी ने कहा, “आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा,” और मणि से कहा कि “मुझे और बताइए।”

हास्य कलाकार लगातार हंसते हुए गांधी को गले लगाते रहे और फिर दर्शकों की ओर इशारा करते हुए कहा, “मां को कुर्सी दो, मां।”

वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि पार्टी “सर्कस” बन गई है।

विवाद सामने आने के बाद से मणि सोशल मीडिया पर उन्हें मिल रहे नफरत भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट साझा कर रहे हैं।

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में