लद्दाख में ऊंचाई वाले क्षेत्र में लिली फूलों की व्यवसायिक खेती शुरू
लद्दाख में ऊंचाई वाले क्षेत्र में लिली फूलों की व्यवसायिक खेती शुरू
लेह/जम्मू, 16 जुलाई (भाषा) लद्दाख को प्रमुख फूलों की खेती का केंद्र बनाने की पहल के तहत, लद्दाख के चोगलामसर इलाके में सबसे ऊंचाई वाले क्षेत्र में कुमुदनी (लिली) की व्यवसायिक खेती शुरू की गयी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन दिन में खेतों में लिली के 50,000 से अधिक कंद लगाए गए हैं। इनके फूल सितंबर के पहले सप्ताह में खिलने की उम्मीद है।
यह उच्च हिमालयी क्षेत्र में अपनी तरह की पहली परियोजना है, जिसका उद्देश्य किसानों, स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों के लिए आजीविका के अवसर पैदा करना है।
अधिकारियों ने बताया कि सिंधु नदी के किनारे 93,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले चोगलामसर को देश के सबसे बड़े संगठित उच्च हिमालयी पुष्पकृषि पार्क में से एक के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समुद्र तल से लगभग 3,265 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह क्षेत्र देश के अब तक के सबसे ऊंचे पुष्पकृषि क्षेत्र (3,200 मीटर) से भी अधिक ऊंचाई पर है, जो उत्तराखंड के माणा में स्थित है।
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना को कृषि विभाग द्वारा सीएसआईआर–हिमालयी जैव संसाधन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएचबीटी), पालमपुर के सहयोग से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने 22 जून को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश

Facebook


