विदेश मामलों की समिति ने भारत और आर्कटिक क्षेत्र पर रिपोर्ट को मंजूरी दी
विदेश मामलों की समिति ने भारत और आर्कटिक क्षेत्र पर रिपोर्ट को मंजूरी दी
नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) संसद की एक समिति ने आर्कटिक और अंटार्कटिक क्षेत्रों में भारत की भूमिका से जुड़ी रिपोर्ट को अंगीकार किया है और समिति के अध्यक्ष शशि थरूर ने कहा कि ध्रुवीय क्षेत्र लोगों की सोच से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं।
विदेश मामलों से संबंधित स्थायी समिति ने रिपोर्ट को अंतिम रूप देने से पहले पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, पर्यावरण मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों से जानकारी ली।
थरूर ने बताया कि समिति ने मंगलवार को इस रिपोर्ट को स्वीकार किया।
उन्होंने कहा कि यह विषय बेहद दिलचस्प है, लेकिन ‘‘काफी कम चर्चित’’ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ध्रुवीय क्षेत्र जितना आम लोग समझते हैं, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं।
समिति ने भारत-बांग्लादेश संबंधों पर एक अन्य रिपोर्ट को भी मंजूरी दी। यह रिपोर्ट पहले तैयार की गई एक रिपोर्ट में दिए गए सुझावों और टिप्पणियों पर आधारित है, जिस पर विदेश मंत्रालय ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी।
इन दोनों रिपोर्ट को मौजूदा मानसून सत्र के दौरान संसद में पेश किए जाने की संभावना है।
भाषा सुभाष अविनाश
अविनाश

Facebook


