‘गोपनीय सूचना पेटी’ से सीधे उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी को मिल रही हैं शिकायतें

Ads

‘गोपनीय सूचना पेटी’ से सीधे उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी को मिल रही हैं शिकायतें

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 07:49 PM IST

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने जिले में अपराध पर लगाम कसने के उद्देश्य से अपने कार्यालय में एक ‘गोपनीय सूचना पेटी’ लगाई है ताकि क्षेत्र में अपराध से संबंधित कोई भी शिकायत सीधे उन तक पहुंच सके।

डीसीपी राहुल अलवल की इस पहल की खास बात है कि इस सूचना पेटी की चाबी सिर्फ उनके पास है और वह अपनी एक टीम से इसमें आईं शिकायतों की जांच-पड़ताल करवाते हैं।

एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि कार्यालय में यह पेटी हाल में डीसीपी अलवल के निर्देश पर लगाई गई है और कुछ शिकायतें मिली हैं जिनपर कार्रवाई की गई है।

अलवल ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आम लोगों से संपर्क बनाए रखने के लिए उन्होंने यह एक छोटी सी पहल की है ताकि लोगों की शिकायतें सीधे उनतक पहुंच सकें।

अलवल ने कहा कि यह पेटी उनके कार्यालय के बाहर लगाई गई है और इसमें कोई भी व्यक्ति जिले में हो रहे अपराध के बारे में लिखित जानकारी डाल सकता है। उन्होंने कहा कि अगर व्यक्ति को अपनी पहचान जाहिर नहीं करनी है तो वह पत्र में अपना नाम व पता न लिखे।

उन्होंने कहा, “ इस पेटी पर लगे ताले की चाबी सिर्फ मेरे पास है और शाम को अपने आवास पर जाने से पहले मैं इसे खोलता हूं और पत्रों के देखता हूं। इसमें मिली शिकायतों को किसी थाने या स्पेशल स्टाफ के पास नहीं भेजा जाता है, बल्कि मेरी एक अलग टीम है जो इनकी जांच करती है और मेरी देख रेख में कार्रवाई करती है।”

डीसीपी ने कहा कि इस पेटी के माध्यम से शराब की अवैध बिक्री और मादक पदार्थों की बिक्री को लेकर शिकायतें मिली थी और उनपर कार्रवाई की गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि कई अन्य शिकायतें भी मिली हैं जिन पर जांच की जा रही है और आगे कार्रवाई की जाएगा।

अलवल ने यह भी कहा कि उनकी मंशा जिले में संगठित अपराध के वित्तीय और सहायक तंत्र पर प्रहार करने की है।

भाषा नोमान प्रशांत

प्रशांत