नीट-यूजी पुनर्परीक्षा को सुचारू और सुरक्षित ढंग से आयोजित करने के लिए व्यापक प्रबंध : नीट

Ads

नीट-यूजी पुनर्परीक्षा को सुचारू और सुरक्षित ढंग से आयोजित करने के लिए व्यापक प्रबंध : नीट

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 08:58 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 08:58 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को कहा कि उसने रविवार को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी), 2026 की पुनर्परीक्षा को ‘‘निष्पक्ष, सुरक्षित और अभ्यर्थियों के अनुकूल’’ तरीके से आयोजित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।

एजेंसी ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रख रही है और अफवाहें फैलाने वालों तथा पेपर लीक के झूठे दावों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, क्योंकि इनसे अभ्यर्थियों को बेवजह तनाव होता है।

एनटीए ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे केवल एजेंसी की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और बिना पुष्टि वाले संदेशों पर ध्यान न दें।

पुनर्परीक्षा से ठीक पहले जारी एक बयान में एनटीए ने कहा कि यह परीक्षा भारत के 551 शहरों में 5,440 केंद्रों और विदेश में 14 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

एनटीए ने कहा कि पुनर्परीक्षा 95,000 से ज्यादा परीक्षा ऐसे कक्षों में आयोजित की जाएगी, जिनमें से हर एक में सीसीटीवी लगा होगा।

बयान में कहा गया है कि कुल 1,38,560 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी फीड की निगरानी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर की जाएगी। इसमें कहा गया है कि परीक्षा को इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी से सुरक्षित रखने के लिए 51,311 जैमर लगाए गए हैं।

एनटीए ने बताया कि परीक्षा के दिन की ड्यूटी के लिए बड़ी संख्या में कर्मचारियों को तैनात किया गया है, हर परीक्षा कक्ष में दो पर्यवेक्षक होंगे और हर केंद्र पर 10 से ज्यादा अतिरिक्त परीक्षा कर्मचारी मौजूद रहेंगे।

उसने कहा कि सीसीटीवी फीड की निगरानी करने और किसी भी तकनीकी समस्या को मौके पर ही हल करने के लिए सभी 5,440 केंद्रों पर एक ‘केंद्र निगरानी अधिकारी’ (सीएसओ) तैनात किया गया है।

बयान में कहा गया है कि पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, भारतीय वायु सेना और डाक विभाग के कर्मचारियों की तैनाती के अलावा, राज्य और जिला प्रशासन के कर्मचारियों को भी बड़े पैमाने पर तैनात किया गया है।

इसमें बताया गया है कि औसतन हर परीक्षा केंद्र पर लगभग 40 से 50 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

बयान में कहा गया है कि गोपनीय सामग्री रखने वाली लगभग 1,500 बैंक शाखाओं में बैंक अधिकारियों को तैनात किया गया है, जबकि डाक विभाग देश भर में लगभग 700 केद्रों से ओएमआर शीट इकट्ठा करने के लिए अपनी टीमों के साथ समन्वय करेगा।

इसमें कहा गया है कि सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें की गई हैं और जिलों ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं की पुष्टि की है।

भाषा शफीक माधव

माधव