भुवनेश्वर/पुरी, 17 जुलाई (भाषा) पुरी रथ यात्रा के दौरान भीड़ बढ़ने से दो लोगों की मौत और कई लोगों के बीमार पड़ने के बाद कुप्रबंधन के आरोपों के बीच ओडिशा पुलिस ने शुक्रवार को श्रद्धालुओं से अपील की कि वे त्योहारी उत्सव में नवजात शिशुओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को न लाएं।
पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने ‘बड़ा डंडा’ पर खड़े होकर यह अपील की। यह वही मुख्य सड़क है जिससे होकर रथ 12वीं सदी के श्री जगन्नाथ मंदिर से श्री गुंडिचा मंदिर तक जाते हैं।
खुरानिया ने टीवी चैनलों के ज़रिए कहा, ‘‘पुरी में त्योहारी उत्सव का बहुत अच्छा माहौल है और भगवान का आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग इस तीर्थ नगरी में जुटे हैं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे पुलिस की सलाह मानें। श्रद्धालुओं को चाहिए कि वे इतनी भारी भीड़ वाली जगह पर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को न लाएं।’’
जनता से सहयोग मांगते हुए डीजीपी ने कहा, ‘‘कृपया छह महीने, दो साल या तीन साल के बच्चों को लाने के बारे में दोबारा सोचें। बड़ा डंडा पर भीड़ बहुत अधिक और बेकाबू होती है। उनकी सुरक्षा एक बड़ी चिंता है।’’
खुरानिया ने श्रद्धालुओं को यह सलाह भी दी कि उत्सव के दौरान रथों के पास या दूसरी जगहों पर भीड़-भाड़ वाले इलाकों से गुजरते समय वे लंबे समय तक एक ही जगह पर न रुकें।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुरी में लगभग 10 से 12 लाख लोग एकत्र हुए, जबकि मुख्यमंत्री कार्यालय ने लोगों की संख्या आठ से नौ लाख होने का अनुमान लगाया।
भाषा संतोष माधव
माधव