जागीरोड (असम), 30 मार्च (भाषा) भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जब वह सत्ता में थी, तब उसने असम में अवैध रूप से बांग्लादेशियों को राज्य में दाखिल होने में मदद की।
उन्होंने दावा किया कि असम की सत्ता में आने के बाद भाजपा ने बांग्लादेशियों की घुसपैठ पर लगाम लगाई।
नवीन ने मोरीगांव जिले में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्हें भेंट किए जाने पर असमी संस्कृति के प्रतीक पारंपरिक ‘गमोसा’ को नहीं पहना, जिससे राज्य के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘लेकिन वह (गांधी) नियमित रूप से मस्जिदों में जाते हैं और खुशी-खुशी नमाजी टोपी पहनते हैं।’’
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस पर घुसपैठियों का समर्थन करने का आरोप लगाया।
नवीन ने कहा, ‘‘उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश में प्रवेश करने की अनुमति दी थी। राज्य की भाजपा सरकार इस प्रवृत्ति को उलट रही है और अवैध प्रवासियों को बाहर का रास्ता दिखा रही है।’’
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 10 साल के शासनकाल में असम में चौतरफा विकास हुआ।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘लोगों को उससे पहले की स्थिति को याद रखना चाहिए। उग्रवाद, हिंसा, निवेशकों के पलायन और युवाओं के टूटे सपने चर्चा का मुख्य विषय थे। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।’’
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा, जबकि परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप