देवरिया (उप्र), छह अगस्त (भाषा) देवरिया जिले में भूमि विवाद से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में जिला कारागार में निरुद्ध 82 वर्षीय एक बंदी की बृहस्पतिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मृत्यु हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि बंदी को आनन-फानन में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज पहुंचे मृतक के परिजनों ने जेल में उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
वहीं जेल प्रशासन ने आरोपों को निराधार बताते हुए बंदी की तबीयत बिगड़ते ही तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
पुलिस के अनुसार मृतक हकीक निवासी भटवा, थाना चौरा खास, जनपद कुशीनगर का रहने वाला था। वह मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित था।
बृहस्पतिवार को दोपहर में उसने पेट दर्द और तबीयत खराब होने की शिकायत बंदी रक्षकों से की।
सूचना मिलते ही जेल चिकित्सक आशीष रंजन और जेल के डॉक्टर राहुल त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और बंदी का प्राथमिक उपचार किया गया। हालत में सुधार ना होने पर एंबुलेंस से उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां उसकी मृत्यु हो गई।
भाषा सं राजेंद्र संतोष
संतोष