कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से हिमंत की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की

Ads

कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से हिमंत की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 04:22 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 04:22 PM IST

गुवाहाटी, छह अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने सोमवार को निर्वाचन आयोग (ईसी) में शिकायत दर्ज कराई और मुख्यमंत्री हिमंत विश्वा शर्मा की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि उन्होंने चुनावी हलफनामे में अपनी पत्नी की कथित विदेशी संपत्तियों का उल्लेख नहीं किया है।

इससे पहले कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री से तीन सवाल पूछे थे- क्या उनकी पत्नी या परिवार के पास दुबई में संपत्ति है, अमेरिका में कंपनियां हैं या उन्होंने अपनी संपत्ति फर्जी कंपनियों में लगा रखी है। शर्मा ने इन आरोपों का खंडन किया है।

असम की 126 विधानसभा सीट के लिए नौ अप्रैल को मतदान होना है।

विधानसभा चुनाव में शर्मा जलुकबारी से उम्मीदवार हैं जहां उनका मुकाबला कांग्रेस की बिदिशा नियोग से है। बिदिशा नियोग द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से की गयी शिकायत में, कांग्रेस ने विदेशी संपत्तियों के बारे में ‘सूचना को दबाने’ की जांच कराने की भी मांग की है।

नियोग ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया, “प्रपत्र 26 में स्पष्ट वैधानिक निर्देशों के बावजूद उक्त हलफनामे में किसी भी विदेशी संपत्ति का खुलासा नहीं किया गया है… दुबई भूमि विभाग के दस्तावेजी साक्ष्य से यह सिद्ध होता है कि उम्मीदवार की पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा दुबई और यूएई स्थित दो मूल्यवान संपत्तियों की स्वामी हैं।”

उन्होंने शर्मा की पत्नी के स्वामित्व वाली दो संपत्तियों का उल्लेख किया और कहा कि “जानबूझकर जानकारी छिपाना” नियमों का उल्लंघन है और इससे नामांकन रद्द होने का खतरा है।

कांग्रेस प्रत्याशी ने मांग की, “विदेशी संपत्तियों को छिपाने के मामले में तत्काल जांच कराई जाए, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 36 के तहत हिमंत विश्व शर्मा का नामांकन रद्द किया जाए और धारा 125ए के तहत उचित कार्यवाही शुरू की जाए।”

कांग्रेस ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में शिकायत दर्ज कराकर शर्मा की पत्नी द्वारा कथित तौर पर दुबई और अमेरिका के व्योमिंग में अघोषित संपत्तियों को लेकर धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत मामला दर्ज करने का आग्रह किया है।

भाषा अविनाश नरेश

नरेश