सरकारी नौकरियों को पारिवारिक संपत्ति मानती हैं कांग्रेस, माकपा : राजीव चंद्रशेखर
सरकारी नौकरियों को पारिवारिक संपत्ति मानती हैं कांग्रेस, माकपा : राजीव चंद्रशेखर
तिरुवनंतपुरम, 30 जुलाई (भाषा) केरल भाजपा प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस या मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली सरकारों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की मेहनत का ‘‘कोई महत्व नहीं है’’, क्योंकि दोनों पार्टियां सरकारी पदों को ‘‘गुपचुप नियुक्तियों’’ के जरिये भरती हैं।
फेसबुक और ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और माकपा सरकारी नौकरियों को ‘‘पारिवारिक संपत्ति’’ मानती हैं।
उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) के एक पूर्व अध्यक्ष की बेटी ने राज्य में आरक्षित श्रेणी के तहत सरकारी नौकरी पाने के लिए फर्जी आय प्रमाण पत्र जमा किया था।
नेमोम विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर ने आरोप लगाया, ‘‘अदालत ने इसे दिनदहाड़े की गई धोखाधड़ी बताया और कहा कि एक गरीब छात्र का मौका छीन लिया गया। कांग्रेस जहां भी सत्ता में है, वहां ऐसा ही किया जाता है, जिसमें केरल भी शामिल है।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘चाहे कर्नाटक हो या केरल, कांग्रेस-माकपा की जोड़ी सरकारी नौकरियों को निजी पारिवारिक संपत्ति की तरह मानती है। हर फर्जी प्रमाण-पत्र और हर गुपचुप नियुक्ति केरल के मेहनती युवाओं के सपनों को छीन लेती है।’
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश

Facebook


