दलबदलुओं के लिए कांग्रेस के दरवाजे बंद : गोवा प्रदेशाध्यक्ष

Ads

दलबदलुओं के लिए कांग्रेस के दरवाजे बंद : गोवा प्रदेशाध्यक्ष

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 05:14 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 05:14 PM IST

पणजी, दो जून (भाषा) गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मजबूत राजनीतिक प्रभाव और लगातार दलबदल से कमजोर हुई कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं की वापसी नहीं होगी।

हाल में गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त किए गए गिरीश चोडणकर ने मंगलवार को कहा कि कुछ वर्ग अफवाह फैला रहे हैं कि दलबदल कर पार्टी छोड़ चुके नेताओं को फिर से कांग्रेस में शामिल किया जाएगा।

चोडणकर ने कहा, ‘‘मैं एक बार फिर स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम किसी भी दलबदलू को पार्टी में वापस नहीं लेंगे। 2022 के विधानसभा चुनावों के समय से ही यह हमारा रुख रहा है और आज भी हम इस पर कायम हैं।’’

उन्होंने हाल में अमित पाटकर की जगह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला है।

चोडणकर ने कहा कि दलबदलुओं को पार्टी में दोबारा शामिल नहीं करने का फैसला कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान लिया था। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं ने भी इस रुख का व्यापक समर्थन किया था।

गोवा में कांग्रेस को दो बार बड़े राजनीतिक संकट का सामना करना पड़ा है। वर्ष 2019 में पार्टी के 10 विधायक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद 2022 में आठ और विधायकों ने भी पाला बदल लिया था।

विधानसभा के लिए 2022 में हुए चुनाव में 40 सदस्यीय सदन की 11 सीटें जीतने वाली कांग्रेस के पास अब केवल तीन विधायक ही बचे हैं।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा