नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को अपनी उत्तराखंड इकाई के तहत राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) का गठन किया, जिसमें कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने समिति गठित करने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस 23 सदस्यीय समिति में पार्टी महासचिव और राज्य प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक दल के नेता यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, गुरदीप सिंह सप्पल, काजी निजामुद्दीन, करण माहरा, मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा, डॉ. हरक सिंह रावत, भुवन कापड़ी, प्रकाश जोशी और अन्य नेताओं को जगह दी गई है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य में पार्टी के सभी अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष समिति के पदेन सदस्य होंगे।
उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव संभावित है।
भाषा हक माधव अविनाश
अविनाश