कांग्रेस अपनी ‘तुष्टीकरण’ नीतियों से विभाजन के बीज बो रही है: फडणवीस

कांग्रेस अपनी ‘तुष्टीकरण’ नीतियों से विभाजन के बीज बो रही है: फडणवीस

कांग्रेस अपनी ‘तुष्टीकरण’ नीतियों से विभाजन के बीज बो रही है: फडणवीस
Modified Date: February 7, 2026 / 03:22 pm IST
Published Date: February 7, 2026 3:22 pm IST

हैदराबाद, सात फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना में कांग्रेस अपनी ‘‘तुष्टीकरण की नीतियों’’ के जरिये लोगों के बीच विभाजन के बीज बो रही है।

फडणवीस ने यहां से लगभग 300 किलोमीटर दूर सिरपुर कागजनगर में तेलंगाना में 11 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को लगता है कि वह कुछ लोगों को खुश करके राज्य की सत्ता में बने रहेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने (रेड्डी ने) एक खतरनाक खेल शुरू किया। मैं आपको याद दिलाना चाहूंगा कि कुछ कांग्रेस नेताओं ने स्वतंत्रता से पहले इसी तरह का खेल शुरू किया था। इसका नतीजा यह हुआ कि देश का विभाजन हुआ और पाकिस्तान तथा फिर बांग्लादेश का गठन हुआ।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भी इसी तरह की ‘‘विभाजनकारी नीतियों’’ का पालन कर रही है और लोगों को धार्मिक आधार पर बांट रही है तथा अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों से आरक्षण छीनकर अन्य धर्मों के लोगों को आरक्षण दे रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक तरह से, कांग्रेस विभाजन के बीज बो रही है।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कस्बों और शहरों के विकास के लिए धनराशि उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल में महाराष्ट्र में हुए नगर निकाय चुनावों में भाजपा की जीत की हवा तेलंगाना तक पहुंचेगी।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में