नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ लोकसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया और आरोप लगाया है कि सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सैनिकों के शहीद होने के संबंध में सदन को गुमराह किया।
वेणुगोपाल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि सदन को गुमराह करने के लिए रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की प्रक्रिया शुरू की जाए।
उन्होंने नोटिस में कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर लोकसभा में 28 जुलाई, 2025 को हुई चर्चा के दौरान रक्षा मंत्री ने सदन में कहा था, “आपको प्रश्न पूछना है तो यह पूछिए कि क्या इस ऑपरेशन में हमारे सैनिकों को कोई क्षति हुई? तो उसका उत्तर है नहीं।”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इसके विपरीत बाद में जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सशस्त्र बलों के छह जवानों की मृत्यु हुई थी। इनमें भारतीय सेना के सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, एविएशन टेक्नीशियन एम मुरलीनायक, हवलदार सुनील कुमार सिंह तथा भारतीय वायु सेना के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार शामिल हैं।
वेणुगोपाल ने अपने नोटिस में दावा किया कि इन तथ्यों से स्पष्ट है कि रक्षा मंत्री का सदन में दिया गया बयान ‘‘गलत और भ्रामक’’ था।
उन्होंने कहा कि किसी मंत्री द्वारा सदन को गुमराह करना अथवा सदन से तथ्य छिपाना विशेषाधिकार का हनन और सदन की अवमानना माना जाता है।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से इस मामले में रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही शुरू करने का आग्रह किया।
भाषा हक वैभव
वैभव