कांग्रेस पाकिस्तान के ‘सुर में सुर’ मिलाती है, देश की सुरक्षा से समझौता करती है : प्रधानमंत्री मोदी

Ads

कांग्रेस पाकिस्तान के ‘सुर में सुर’ मिलाती है, देश की सुरक्षा से समझौता करती है : प्रधानमंत्री मोदी

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 08:38 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 08:38 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

बारपेटा/होजाई/डिब्रूगढ़(असम), छह अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि एक ओर उनकी सरकार ने पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर कड़ा रुख अपनाया, वहीं दूसरी ओर विपक्षी कांग्रेस लगातार पड़ोसी देश के सुर में सुर मिलाती नजर आती है।

असम के बारपेटा, होजाई और डिब्रूगढ़ में एक के बाद एक चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए, मोदी ने विपक्षी दल पर विकास के प्रति संकीर्ण दृष्टिकोण रखने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा दीर्घकालिक विकास पर ध्यान केंद्रित करती है।

मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने हमेशा अल्पकालिक उपाय अपनाए, ताकि वे भ्रष्टाचार में लिप्त रह सकें। लेकिन भाजपा समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए निर्णय लेते समय दूरदर्शी सोच रखती है।”

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि 2016 में की गई ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ हो या वर्ष 2025 का ‘ऑपरेशन सिंदूर’, इस दौरान कांग्रेस हमेशा पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाती रही और उसके एजेंडे को अहमियत देती रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान से यह संबंध हमेशा देश पर भारी पड़ता है, और हम कभी इसकी अनुमति नहीं दे सकते।’’

उन्होंने कांग्रेस पर दशकों तक ‘वन रैंक, वन पेंशन’ योजना लागू न करके सेना की उपेक्षा करने का आरोप भी लगाया। ।

प्रधानमंत्री ने रैली को संबोधित करते हुए कहा,‘‘भाजपा सरकार ने यह लाभ देकर सुनिश्चित किया कि देश की रक्षा करने वालों को न्याय मिले। हमने अब तक पूर्व सैन्यकर्मियों के बैंक खातों में 12.4 लाख करोड़ रुपये अंतरित किए हैं।’’

होजाई में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने गांधी परिवार पर परिवारवादी राजनीति और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस का प्रथम परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है, जो बड़े-बड़े घोटालों में लिप्त है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। कांग्रेस सिर्फ दो काम कर सकती है – झूठ बोलना और भ्रष्टाचार में लिप्त होना।”

राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ वाली टिप्पणी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस ‘मिथ्या की दुकान’ और ‘अपमान’ का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘असम में एक और परिवार है… और दोनों ही चुनाव से पहले झूठे वादे कर रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री ने गांधी परिवार पर दिल्ली के प्रमुख इलाकों में जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा लोगों से जमीनें अधिग्रहित करती है, लेकिन वे नेशनल हेराल्ड, राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट और अन्य के नाम पर दिल्ली की प्रमुख जमीनों के बारे में बात नहीं करते हैं।”

मोदी ने कहा कि भाजपा ने राज्य के विकास के लिए भूमि अधिग्रहण किया, जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ हुआ है।

उन्होंने दावा किया,“अब वे जमीन की बात कर रहे हैं, जबकि जमीन उनके पैरों तले से खिसक गई है।”

मोरान स्थित आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले सड़कों की हालत ऐसी थी कि वाहनों का चलना भी मुश्किल था, लेकिन अब असम में लड़ाकू विमान राजमार्ग पर उतर सकते हैं।

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्य के प्रति सौतेला रवैया अपनाया और ऊपरी असम और बराक घाटी की उपेक्षा की।

उन्होंने दावा किया, “कांग्रेस ने चाय बागान श्रमिकों के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें उनके घरों के लिए भूमि अधिकार दिए।”

उन्होंने आरोप लगाया, “डिब्रूगढ़ की अपनी पिछली यात्रा के दौरान, मैंने महिला चाय बागान श्रमिकों से बातचीत की थी, लेकिन मुझे अपमानित करने के लिए, उन्होंने उनके पहनावे और संस्कृति का मजाक उड़ाया।”

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठियों की मदद की और उन्हें काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के अलावा ‘सत्रा’, मंदिरों, आदिवासी समुदायों से संबंधित भूमि पर बसने की अनुमति दी।

उन्होंने कहा, “भाजपा ही इन जमीनों को अतिक्रमणकारियों से मुक्त करा रही है और असम के स्वदेशी लोगों को भूमि अधिकार भी दे रही है।”

जनता की आकांक्षाओं को भाजपा की प्राथमिकता बताते हुए मोदी ने सवालिया लहजे में कहा, ‘‘कांग्रेस हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में सत्ता में है… उन्होंने चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन अब तक उन्होंने क्या किया है?’’

पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के कारण उत्पन्न वैश्विक स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों, विशेषकर गरीबों, मध्यम वर्ग और किसानों को इसके प्रभाव से बचाने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की शुरुआत से ही यह प्राथमिकता रही है कि गरीबों, मध्यम वर्ग और किसानों की पीड़ा को कम किया जाए, और यह जारी रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि असम में अनेक बलिदानों और पिछले दस वर्षों में हस्ताक्षरित विभिन्न शांति समझौतों को लागू करने की दिशा में भाजपा के ईमानदार प्रयासों के कारण शांति स्थापित हुई है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य में शांति और स्थिरता ने भाजपा शासन में विकास को गति दी है… इसे जारी रखने के लिए कांग्रेस को सत्ता से बाहर रखना आवश्यक है।’’

मोदी ने कहा कि संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के आम चुनावों से लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘इस मुद्दे पर सभी दलों से चर्चा करने और इसे आगे बढ़ाने के लिए 16 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। लेकिन कुछ लोग इस बारे में भी अफवाहें फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

संसद का बजट सत्र तीन और दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है और संक्षिप्त अवकाश के बाद 16 अप्रैल को पुनः शुरू होगा। केंद्र सरकार लोकसभा सीट की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने के लिए विधेयक लाने की योजना बना रही है।

उन्होंने कहा, “इससे देश के सभी राज्यों को लाभ होगा। वे इसके लिए 40 साल से इंतजार कर रहे हैं, और असम की महिलाओं को सभी दलों से विधेयक पारित कराने का आग्रह करना चाहिए।”

मोदी ने सभा में उपस्थित लोगों को याद दिलाया कि 2013 में, जब केंद्र में संप्रग की सरकार थी, तो उस वक्त धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1,300 रुपये प्रति क्विंटल था, लेकिन अब यह बढ़कर 2,370 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसानों की आय बढ़ रही है और भाजपा बिचौलियों को दरकिनार करते हुए सीधे उनके बैंक खातों में राशि अंतरित कर रही है।” उन्होंने कहा कि इसी कारण भाजपा किसानों की पहली पसंद है।

स्थानीय लोगों से जुड़ने के प्रयास के तहत मोदी ने बताया कि असम का प्रसिद्ध ‘जोहा’ चावल अब यूरोपीय देशों को निर्यात किया जा रहा है।

राज्य की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और मतगणना चार मई को होगी।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप