तिरुवनंतपुरम, 21 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता आर रेशमी शनिवार को भाजपा में शामिल हो गईं। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में कोट्टारक्कारा निर्वाचन क्षेत्र से राज्य के वित्त मंत्री के एन बालागोपाल को कड़ी टक्कर दी थी।
रेशमी महिला कांग्रेस की राज्य महासचिव थीं और स्थानीय निकायों के लिए कई बार चुनी गईं।
रेशमी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले 20 वर्षों से कांग्रेस के लिए जन प्रतिनिधि के रूप में काम किया है। हालांकि, 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें कटु अनुभवों का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली।
रेशमी ने बताया कि उन्होंने मौजूदा वित्त मंत्री बालागोपाल के खिलाफ चुनाव लड़ा था और उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिला था।
रेशमी ने कहा, ‘मैं बहुत कम मतों के अंतर से चुनाव हार गई। चुनाव के बाद मैंने कोट्टारक्कारा में राजनीति में सक्रिय रहने की कोशिश की, लेकिन इसके लिए हमें कई वित्तीय बोझ उठाने पड़ते हैं।’
उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद, वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में सक्रिय रहीं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने पिछले विधानसभा चुनाव में उनकी उम्मीदवारी की सिफारिश की थी और पूरे समय उनका समर्थन किया था। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि कोट्टारक्कारा में वह कुछ खास लोगों के प्रभाव में हैं।
रेशमी ने जेबी माथेर की सांसद और महिला कांग्रेस के अन्य नेताओं से मिले समर्थन को भी याद किया।
उन्होंने कहा, ‘मेरे राजग में शामिल होने की खबरें सामने आने के बाद, कुछ लोगों ने न्यू मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए मुझे निशाना बनाना शुरू कर दिया। लेकिन, मैं उन्हें जवाब देने के लिए तैयार नहीं हूं।’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कुछ व्यक्तियों के साथ हुए कड़वे अनुभवों ने उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए प्रेरित किया और उन्होंने कहा कि वह आने वाले दिनों में और विवरणों का खुलासा करेंगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने रेशमी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप