कांग्रेस नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए जाने की निंदा की

Ads

कांग्रेस नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए जाने की निंदा की

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 08:25 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 08:25 PM IST

चंडीगढ़, 23 अगस्त (भाषा) कांग्रेस नेताओं ने कुछ मुद्दों को लेकर गुरुग्राम में ‘‘काले झंडे लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे’’ पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ मामले दर्ज किये जाने के विरोध में हरियाणा की भाजपा सरकार पर रविवार को निशाना साधा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का काफिला शुक्रवार को गुरुग्राम के एक क्षेत्र से गुजर रहा था कि इसी दौरान पुलिस ने काले झंडे दिखाने वाले कांग्रेस के आठ कार्यकर्ताओं को वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में बाधा पहुंचाने और सरकारी काम में रुकावट डालने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

यह प्रदर्शन उस समय किया गया था, जब सैनी जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक में शामिल होने के बाद, गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित ‘‘जेन-एच स्टार्टअप समिट 2026’’ के तहत एक “चौपाल” कार्यक्रम में जा रहे थे।

कांग्रेस के हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुरुग्राम में स्थानीय और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री सैनी के खिलाफ काले झंडे लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया। यह भाजपा सरकार की तानाशाही और लोकतांत्रिक अधिकारों पर उसके हमले का एक और स्पष्ट उदाहरण है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों और विपक्ष का लोकतांत्रिक तथा संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है। अपनी विफलताओं और जनता की वास्तविक चिंताओं को दूर करने के बजाय, भाजपा सरकार असहमति की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जाने की निंदा की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह नायब सैनी सरकार द्वारा लोकतंत्र और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के अधिकार पर किया गया एक घातक हमला है। एक ओर, वे प्रश्नपत्र लीक, नौकरी घोटालों, महंगी शिक्षा और सरकारी नौकरियों के पद न भरने के माध्यम से हर दिन ‘जेन-जी’ को परेशान कर रहे हैं और दूसरी ओर, हमारे युवाओं के साथ खड़े होने वाले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ क्रूर व्यवहार कर रहे हैं।’’

सुरजेवाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जनता भाजपा सरकार को माफ नहीं करेगी।”

दत्त ने कहा कि युवाओं की बात सुनने और उनकी चिंताओं का समाधान करने के बजाय, “सरकार ने प्राथमिकी, गिरफ्तारियों और पुलिस दमन का रास्ता चुना है।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘गिरफ्तार किए गए युवाओं के साथ कथित तौर पर ‘थर्ड-डिग्री’ का उत्पीड़न किये जाने और उनके परिवार के सदस्यों को परेशान किए जाने की खबरें बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो लोग इसके लिए जिम्मेदार पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

गुरुग्राम की घटना का जिक्र करते हुए दत्त ने ‘एक्स’ पर एक अलग पोस्ट में मांग की कि सैनी सरकार को सभी गिरफ्तार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा करना चाहिए, उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेनी चाहिए और उनके परिवार के सदस्यों को परेशान करना बंद करना चाहिए।

दत्त ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, ‘‘हम हरियाणा के युवाओं की गरिमा, अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करते रहेंगे।’’

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप