नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर समेत 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान के उचित इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं का ध्यान रखने की अपील की है।
इस पहल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल ने की है। यह दूसरी बार है जब पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने 73 वर्षीय इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार और उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पूर्व कप्तानों ने सोशल मीडिया पर जारी पत्र में पाकिस्तान सरकार से वहां के उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर गठित चिकित्सा बोर्ड को इमरान खान के निजी चिकित्सकों के साथ मिलकर उनके स्वास्थ्य की स्वतंत्र जांच पूरी करने देने का आग्रह किया है। उन्होंने खास तौर पर उनकी दाईं आंख की रोशनी कम होने की खबरों पर चिंता जताई है।
उन्होंने न्यायालय द्वारा बहाल की गई परिवार से साप्ताहिक मुलाकात की व्यवस्था को बिना किसी रुकावट के लागू करने और चिकित्सकीय जांच में सुझाए गए किसी भी उपचार को बिना देरी उपलब्ध कराने की मांग की है।
पत्र में कप्तानों ने कहा कि “हम पाकिस्तान की घरेलू कानूनी प्रक्रिया पर फैसला देने की कोशिश नहीं कर रहे हैं, लेकिन हमारा मानना है कि अदालत के आदेश के तहत चिकित्सा प्रक्रिया को पूरा कराना शालीनता और मानवता की बुनियादी बात है।”
पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में एलन बॉर्डर, माइकल एथर्टन, माइकल ब्रेयरली, इयान चैपल, ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, एलेस्टेयर कुक, एडम गिलक्रिस्ट, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, अर्जुन रणतुंगा, एंड्रयू स्ट्रॉस, स्टीफन वॉ और जॉन राइट भी शामिल हैं।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता