मणिपुर : कांग्रेस नेताओं ने राज्य के विकास में मनमोहन सिंह के योगदान की सराहना की
मणिपुर : कांग्रेस नेताओं ने राज्य के विकास में मनमोहन सिंह के योगदान की सराहना की
इंफाल, 29 दिसंबर (भाषा) मणिपुर में कांग्रेस विधायक दल के नेता ओकराम इबोबी सिंह ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की उनके 10 साल के कार्यकाल के दौरान पूर्वोत्तर, विशेषकर मणिपुर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रशंसा की।
सिंह ने पत्रकारों के साथ बातचीत में पूर्व प्रधानमंत्री के मणिपुर के प्रति गहरे लगाव को याद किया और कहा कि उन्होंने राज्य को विशेष श्रेणी का दर्जा दिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘इस समर्थन के कारण नयी विधानसभा, उच्च न्यायालय भवन और सिविल सचिवालय का निर्माण हुआ। मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान ही पहाड़ी जिलों में बुनियादी ढांचे का भी विकास हुआ तथा जिला अस्पतालों और बिजली सब-स्टेशनों का निर्माण हुआ।’’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशम मेघचंद्र ने भी मनमोहन सिंह के योगदान को याद किया और इस बात पर जोर दिया कि मणिपुर के इतिहास में उन्हें राज्य से सशस्त्र बल विशेष शक्तियां अधिनियम (अफस्पा) हटाने वाले पहले प्रधानमंत्री के रूप में याद किया जाएगा।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


