वायनाड में पुनर्वास कार्यों को लेकर जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस : माकपा

वायनाड में पुनर्वास कार्यों को लेकर जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस : माकपा

वायनाड में पुनर्वास कार्यों को लेकर जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस : माकपा
Modified Date: February 11, 2026 / 07:11 pm IST
Published Date: February 11, 2026 7:11 pm IST

मलप्पुरम/वायनाड, 11 फरवरी (भाषा) केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी कांग्रेस वायनाड भूस्खलन पीड़ितों के पुनर्वास संबंधी कार्यों को लेकर जनता को गुमराह कर रही है।

माकपा के प्रदेश सचिव एम वी गोविंदन ने मलप्पुरम में पत्रकारों के साथ बातचीत में यह भी आरोप लगाया कि वायनाड के पूर्व सांसद राहुल गांधी ने मुंडक्कई-चूरलमाला क्षेत्रों में 2024 में हुए भूस्खलन के पीड़ितों के पुनर्वास के लिए मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष (सीएमडीआरएफ) में एक पैसा भी दान नहीं दिया। इस आपदा में 200 से अधिक लोगों की जान गई थी।

उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस के तीन नेताओं को छोड़कर यह ज्ञात नहीं है कि अन्य विधायकों और सांसदों ने उस आपदा के संबंध में सीएमडीआरएफ में कोई योगदान दिया है या नहीं।

गोविंदन ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस यह नहीं बता रही है कि पीड़ितों के नाम पर कितनी राशि इकट्ठा की गई।

माकपा नेता ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस के पास जो 3.5 एकड़ अधिगृहीत जमीन है, वह उनके वादे वाले 100 घरों के निर्माण के लिए पर्याप्त नहीं होगी।

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी ने आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए 100-100 घर बनवाने का वादा किया था, और इसके साथ ही युवा कांग्रेस ने भी 30 घर देने का वादा किया था, जो कुल मिलाकर 230 घर होते हैं।

माकपा नेता ने आरोप लगाया, ‘‘अब उन्होंने इसे अपने आप घटाकर केवल 100 कर दिया है।’’

गोविंदन ने कहा कि कांग्रेस दावा कर रही है कि वह घरों का निर्माण जल्द ही पूरा कर लेगी लेकिन आज तक इस परियोजना की आधारशिला तक नहीं रखी गई है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘वे (कांग्रेस) जनता को गुमराह करने के लिए ये सभी झूठे बयान दे रहे हैं।’’

उनका यह बयान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन के उस बयान के बाद आया है जिसमें सतीशन ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार पर वायनाड भूस्खलन पीड़ितों के पुनर्वास कार्यों में देरी करने और पीड़ितों के लिए एकत्र किए गए लगभग 1,600 करोड़ रुपये दबाकर बैठने के आरोप लगाया था।

सतीशन पत्रकारों को बुधवार सुबह वायनाड में उस जमीन पर ले गए जिसे पार्टी ने आपदा पीड़ितों के लिए घर बनाने के वास्ते अधिगृहीत किया है। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ अपने आरोपों को दोहराया।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना की आधारशिला अभी तक इसलिए नहीं रखी गई है क्योंकि पार्टी वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा का इंतजार कर रही है, जो फिलहाल संसद सत्र में व्यस्त हैं।

भाषा प्रचेता नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में