गांधीनगर, नौ सितंबर (भाषा) गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला ने बुधवार को विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत में ‘वंदे मातरम्’ गायन के दौरान अपनी सीट पर बैठे रहकर इसका अपमान किया। भाजपा ने उनसे माफी की मांग की।
विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने इस आरोप से इनकार किया, वहीं राज्य के मंत्री प्रवीण माली ने दावा किया कि राष्ट्रगीत शुरू होने पर खेड़ावाला खड़े तो हुए, लेकिन तुरंत बैठ गए।
अहमदाबाद की जमालपुर-खाडिया सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले खेड़ावाला गुजरात के एकमात्र मुस्लिम विधायक हैं।
राज्य विधानसभा का तीन दिवसीय मानसून सत्र बुधवार को गांधीनगर में शुरू हुआ।
पत्रकारों से बात करते हुए माली ने कहा कि सत्र की शुरुआत वंदे मातरम् से करने की परंपरा रही है और आरोप लगाया कि खेड़ावाला का व्यवहार राष्ट्रगीत का अपमान करने जैसा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस अपमान के लिए कांग्रेस से जवाब चाहते हैं। उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या यह इमरान खेड़ावाला का निजी रुख है या पार्टी का आधिकारिक रुख।’’
मंत्री ने खेड़ावाला से अपने व्यवहार के लिए माफी की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उन्हें देश से भी माफी मांगनी चाहिए क्योंकि वंदे मातरम् का अपमान करना देश का अपमान करने जैसा है।’’
माली ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर कांग्रेस को ‘‘जवाब’’ देगी और दावा किया कि जनता भी इस बारे में स्पष्टीकरण मांग रही है।
हालांकि, विधानसभा में कांग्रेस के सचेतक कीरित पटेल ने इस आरोप को खारिज कर दिया और कहा कि वंदे मातरम् के गायन के दौरान खेड़ावाला खड़े हुए थे।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यह कहना गलत है कि वह खड़े नहीं हुए। वह खड़े हुए थे। वह ठीक मेरे पीछे ही थे।’’
पटेल ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि खेड़ावाला ‘‘एक-दो मिनट पहले’’ ही बैठ गए थे या नहीं। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन यह दावा पूरी तरह गलत है कि राष्ट्रगीत के दौरान हमारे सदस्य खड़े नहीं हुए।’’
पटेल ने आरोप लगाया, ‘‘जिस तरह केंद्र में कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिशें की जाती हैं, उसी तरह गुजरात विधानसभा में भाजपा के कुछ लोग भी ऐसे आरोप लगाने के आदी हैं।’’
खेड़ावाला की प्रतिक्रिया अभी नहीं मिल पाई है।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश