राजस्थान विधानसभा में अतिरिक्त कैमरे लगाने का मुद्दा, कांग्रेस विधायकों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा
राजस्थान विधानसभा में अतिरिक्त कैमरे लगाने का मुद्दा, कांग्रेस विधायकों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा
जयपुर, 11 सितंबर (भाषा) राजस्थान विधानसभा में विपक्ष की तरफ अतिरिक्त कैमरे लगाए जाने के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और उनकी पार्टी कांग्रेस के अन्य विधायकों ने बृहस्पतिवार को यहां राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से मुलाकात की।
उन्होंने सदन में इन नये कैमरों के जरिए विपक्षी विधायकों की जासूसी करने का आरोप लगाया और इसकी तत्काल उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
जूली ने ‘एक्स’ पर लिखा,‘‘महामहिम राज्यपाल बागडे से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायकों के साथ मुलाकात कर सदन के विपक्षी ‘ब्लॉक’ में ‘हिडन’ कैमरों द्वारा की जा रही जासूसी तथा सरकारी मुख्य सचेतक एवं सत्ता पक्ष के विधायकों द्वारा सदन में प्रयोग किए गए आपत्तिजनक शब्दों से विधानसभा की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले व्यवहार के संबंध में महामहिम को ज्ञापन दिया।’’
ज्ञापन में कहा गया है,‘‘महामहिम से अनुरोध है कि वह इस विषय की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए इस संबंध में हस्तक्षेप करें तथा विधानसभा अध्यक्ष, संसदीय कार्य मंत्री, सरकारी मुख्य सचेतक और सत्ता पक्ष के विधायक के विरुद्ध संवैधानिक कार्रवाई कर लोकतंत्र की रक्षा करें।’’
जूली ने संवाददाताओं को बताया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की एक निविदा के तहत सरकार ने न केवल 30 लाख रुपये की लागत से पांच कैमरे बदले हैं बल्कि 1.09 करोड़ रुपये की लागत से विधानसभा के कई समिति कक्षों में ऑडियो-वीडियो सिस्टम को भी अपग्रेड किया है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में 18.46 लाख रुपये की लागत से दो अतिरिक्त कैमरे अलग से लगाए गए हैं जो नियमित कार्यवाही के अलावा ‘ऑडियो और विजुअल रिकॉर्डिंग’ भी कर सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया,‘‘अध्यक्ष ने दावा किया कि केवल उन्नत कैमरे ही लगाए गए थे। लेकिन दस्तावेजों से स्पष्ट है कि अतिरिक्त निगरानी कैमरे खरीदे गए थे। इससे इनके दुरुपयोग को लेकर चिंता पैदा हुआ है।’’
जूली ने कहा कि नौ नियमित कैमरों की लाइव फीड विधानसभा सचिवालय तक पहुंचती है और सार्वजनिक रूप से प्रसारित की जाती है जबकि दो नए कैमरे केवल विधानसभा अध्यक्ष के विश्राम कक्ष से जुड़े हैं जिससे विधायकों की निजी बातचीत सहित कार्यवाही की चुनिंदा निगरानी की अनुमति मिलती है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


