नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर केरल विधानसभा के आगामी चुनावों में जमात-ए-इस्लामी का समर्थन स्वीकार करने के लिए ‘‘विघटनकारी तुष्टीकरण’’ की राजनीति का सहारा लेने का शनिवार को आरोप लगाया।
भाजपा ने लोगों से राज्य को ‘‘गंभीर संकट’’ में फंसने से बचाने के लिए कांग्रेस के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
भाजपा की यह प्रतिक्रिया केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन के उस बयान के एक दिन बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) जमात-ए-इस्लामी का समर्थन स्वीकार करेगा।
सतीशन की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने अपनी ‘‘अत्यंत खतरनाक तुष्टीकरण नीति’’ को आगे बढ़ाने में एक कदम और आगे बढ़ा दिया है, और नेताओं का दावा है कि यूडीएफ आगामी चुनावों में जमात-ए-इस्लामी का समर्थन स्वीकार करने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि यह ‘‘विघटनकारी तुष्टीकरण’’ केरल के लिए एक बड़ी चुनौती पेश करता है।
त्रिवेदी ने यहां भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘कांग्रेस का पहले से ही मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन है, जिसकी स्थापना मोहम्मद अली जिन्ना ने की थी। मुस्लिम लीग एक राजनीतिक संगठन है, लेकिन जमात-ए-इस्लामी एक सांप्रदायिक संगठन है जो ऐसी विचारधारा का प्रचार करता है जिसके अनुसार भारत एक इस्लामी राज्य होना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘केरल की जनता के लिए यह बहुत स्पष्ट और चिंताजनक संकेत है कि कांग्रेस राजनीतिक फायदे के लिए अपनी सारी हिस्सेदारी ऐसी ताकतों को बेचने के लिए पूरी तरह तैयार है। केरल की जनता को एकजुट होकर राज्य को गंभीर संकट में फंसने से बचाना होगा।’’
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव