नयी दिल्ली, 17 जनवरी (भाषा) कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे पर बातचीत की लेकिन कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका।
चर्चा कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक के आवास पर हुई जो पार्टी की सीट-बंटवारा समिति के संयोजक भी हैं।
कांग्रेस की ओर से राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और मोहन प्रकाश चर्चा का हिस्सा थे जबकि सपा की ओर से राम गोपाल यादव और जावेद अली खान मौजूद थे।
खुर्शीद ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘अंतिम निर्णय होने तक हम संख्या (सीट-बंटवारे के संदर्भ में) पर कुछ भी नहीं बता सकते। हमने आज बहुत अच्छी चर्चा की और मुझे उत्तर प्रदेश में बेहतर गठबंधन की उम्मीद है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने सपा के साथ बातचीत की और हमारा गठबंधन सपा के साथ होगा। हमने एक-दूसरे को विस्तार से सब कुछ समझाया और दूसरे पक्ष को भी समझा।’’
खुर्शीद ने कहा कि दोनों दलों ने एक-दूसरे के सामने अपनी इच्छा सूची रखी है और प्रत्येक सीट का विवरण साझा किया गया है।
कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनावों के लिए विभिन्न राज्यों में सीट-बंटवारे को लेकर विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन के कई दलों के साथ चर्चा कर रही है।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन