नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के अपने दो नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के सदस्य सचिव तारिक अनवर की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दो नेताओं मोहम्मद अनवर भट्ट और बशीर अहमद खान को निलंबित करने के प्रस्ताव को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने स्वीकृति प्रदान की।
कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई में पिछले कुछ महीनों से आंतरिक कलह देखने को मिल रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के खिलाफ कुछ नेताओं ने मोर्चा खोल रखा है जो वरिष्ठ नेताओं तारा चंद और वकार रसूल वानी के करीबी माने जाते हैं।
अनवर भट्ट तथा खान भी उन्हीं नेताओं में शामिल थे जो कर्रा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के खिलाफ मुखर थे।
कांग्रेस नेतृत्व ने जम्मू-कश्मीर इकाई में ‘‘अनुशासनहीनता और पार्टी-विरोधी गतिविधियों’’ की जांच के लिए बीते 11 जून को तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की। इस समिति में शक्तिसिंह गोहिल, अमर सिंह और रफीक खान शामिल थे।
समिति ने हाल ही में अपनी रिपोर्ट कांग्रेस नेतृत्व को सौंपी थी।
भाषा हक
हक नरेश
नरेश