कांग्रेस ने पूर्वोत्तर, विशेषकर असम का ‘वोट बैंक की राजनीति’ के लिए इस्तेमाल किया : शिवराज
कांग्रेस ने पूर्वोत्तर, विशेषकर असम का 'वोट बैंक की राजनीति' के लिए इस्तेमाल किया : शिवराज
(फोटो सहित)
गुवाहाटी, 11 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पूर्वोत्तर, विशेषकर असम का ‘‘वोट बैंक की राजनीति’’ के लिए इस्तेमाल किया।
केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि और किसान कल्याण मंत्री ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पूर्वोत्तर पर उचित ध्यान दिया है और इस क्षेत्र को देश के विकास का केंद्र बनाया है।
चौहान ने कहा, ‘‘दशकों तक, कांग्रेस ने पूर्वोत्तर, विशेषकर असम को अपनी कुख्यात वोट बैंक की राजनीति को अंजाम देने की जगह के रूप में माना। उसके कार्यकाल के दौरान जर्जर सड़कें, खराब रेल नेटवर्क, कोई उद्योग नहीं था और कोई रोजगार सृजन नहीं था।’’
उन्होंने कहा, जब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने कार्यभार संभाला तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वोत्तर के विकास पर ध्यान केंद्रित किया और क्षेत्र की सभी समस्याओं को हल करने का प्रयास किया।
चौहान ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट ने विकसित भारत का पूरा खाका तैयार किया है। उन्होंने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला ‘चिकन नेक कॉरिडोर’ भारत की एकता का पुल और देश की अखंडता की रीढ़ है।’’
बजट को ‘ऐतिहासिक’ बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पूर्वोत्तर क्षेत्र सहित समूचे देश में सकारात्मक बदलाव लाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय को 6,812 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो पिछले बजट से 897 करोड़ रुपये अधिक है।
चौहान ने पूर्वोत्तर के लिए सरकार की विभिन्न पहल का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘यह बढ़ा हुआ आवंटन क्षेत्र में विकास को गति देने की दिशा में केंद्र सरकार की प्राथमिकता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।’’
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


