कांग्रेस कार्य समिति की बैठक, निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दे पर चर्चा

Ads

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक, निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दे पर चर्चा

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 11:32 AM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 11:32 AM IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठे विवाद के बीच मंगलवार को इस मुद्दे पर आगे की रणनीति पर चर्चा की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

निर्वाचन आयोग के भीतर मतदाता सूची और एसआईआर से जुड़े कुछ फैसलों को लेकर कथित तौर पर मतभेद सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। अंग्रेजी दैनिक ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक खबर में दावा किया गया है कि पिछले 10 महीने में दो निर्वाचन आयुक्तों ने ऐसे मामलों में 14 बार आपत्तियां दर्ज कराई थीं।

हालांकि, निर्वाचन आयोग ने कहा है कि आंतरिक विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और सुझाव सामने आना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है तथा उसके फैसले सर्वसम्मति से और स्थापित वैधानिक प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं।

कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।

खरगे ने सोमवार को कहा था, “हम इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएंगे। यह मुद्दा पूरे देश के लोगों, हमारे लोकतंत्र के अस्तित्व और भारत के भविष्य से जुड़ा हुआ है। इसलिए हम इस विषय को लेकर बहुत गंभीर हैं।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा था कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए और उनके खिलाफ उनके इस्तीफे के बाद भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

कांग्रेस ने इससे पहले 19 अगस्त को हुई कार्य समिति बैठक में छात्रों से जुड़े मुद्दों और कुछ अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की थी।

भाषा हक मनीषा

मनीषा