नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत एक अभियान में मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से स्मैक और गांजा सहित अलग-अलग प्रकार के नशीले पदार्थ और एक पिस्तौल बरामद की है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी करण उर्फ नितीश (26) और निखिल (28) तथा दिल्ली में मंडावली निवासी ऋषि गुप्ता उर्फ राहुल (22), प्रेम सिंह (22) और मध्य प्रदेश के बुरहानपुर निवासी कुणाल मौर्य (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम एमडीएमए, 61 ग्राम स्मैक, 3.816 किलोग्राम गांजा, 42,540 रुपये नकद, एक स्वचालित पिस्तौल, दो कारतूस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और खाली थैलियां बरामद की गई हैं।
पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि मादक पदार्थ रोधी दस्ते को दो व्यक्तियों द्वारा गाजीपुर सब्जी मंडी क्षेत्र में गांजा बेचने की सूचना मिली थी, जिसके बाद 25-26 सितंबर की दरमियानी रात को जाल बिछाकर करण और निखिल को पकड़ा गया।
उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि वे मंडावली निवासी मुख्य आपूर्तिकर्ता ऋषि गुप्ता से नशीले पदार्थ लेते हैं।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर 27-28 सितंबर की दरमियानी रात को मंडावली में छापेमारी कर गुप्ता को उसके दो अन्य सहयोगियों प्रेम सिंह और कुणाल मौर्य के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी गुप्ता के खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान मनीषा
मनीषा