भुवनेश्वर, पांच फरवरी (भाषा) ओडिशा के नयागढ़ जिले में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल ने अपने परिजनों द्वारा अपनी पसंद की महिला से शादी करने के फैसले का विरोध करने के बाद कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्तौल से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान सुनील सेठी के रूप में हुई जो जिले में तैनात 2023 बैच के कांस्टेबल थे और ओडागांव पुलिस थाने के अंतर्गत बेरुआबारी गांव के निवासी थे।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह नयागढ़ रिजर्व पुलिस परिसर स्थित बैरक की छत से उसका शव बरामद किया गया।
नयागढ़ की पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस सुश्री और जिला कलेक्टर मधुमिता रथ ने घटनास्थल का दौरा कर घटना की जानकारी ली।
सुश्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘सशस्त्र पुलिस रिजर्व (एपीआर) कांस्टेबल का अपनी एक करीबी रिश्तेदार महिला से संबंध था और वे शादी करना चाहते थे। उनके परिवार ने इस प्रस्ताव का विरोध किया, जिसके कारण वह मानसिक दबाव में थे।’
सुश्री ने बताया, “उसने पुलिस बैरक की छत पर अपनी सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मार ली।”
एसपी ने बताया कि कांस्टेबल ने अपनी प्रस्तावित शादी के लिए कर्ज भी लिया था।
सुश्री ने बताया, “बुधवार रात को कांस्टेबल ने महिला से बात की, उसके बैंक खाते में ऋण की राशि भेजी और उसे व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर कहा कि वह अपने परिवार के दबाव को सहन नहीं कर पा रहा है।”
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस बीच, सेठी की मां ने दावा किया कि उनके बेटे की हत्या की गई है और उन्होंने कहा कि सेठी को कोई समस्या नहीं थी।
भाषा
राखी नरेश
नरेश