मैनपुरी, पांच फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मैनपुरी शहर कोतवाली क्षेत्र में एक पूर्व छात्र ने एक शिक्षिका पर कथित रूप से धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि छात्र कई साल से शिक्षिका का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अखंड प्रताप (24) के रूप में हुई है और वह पूर्व में आगरा मार्ग स्थित एक निजी स्कूल में 12वीं का छात्र था।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक उसे बार-बार परेशान कर रहा था।
कोतवाल फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि कुछ साल पहले शिक्षक-अभिभावक मीटिंग (पीटीएम) के दौरान छात्र की मां से शिकायत करने के बावजूद उसने कथित तौर पर शिक्षिका का पीछा करना और उसे डराना-धमकाना जारी रखा।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, लगातार उत्पीड़न के कारण उसने नौकरी छोड़ दी और शहर के दूसरे स्कूल में नौकरी शुरू कर दी हालांकि, आरोपी ने उसे धमकाना जारी रखा।
पीड़िता के भाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि 20 जनवरी को शाम करीब साढ़े पांच बजे आरोपी ने ज्योति तिराहा के पास शिक्षिका को रोका और उसे जबरदस्ती एक गली में ले जाने की कोशिश की।
हालांकि जब शिक्षिका ने विरोध किया तो आरोपी ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
पुलिस ने बताया कि घायल महिला को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में सैफई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्लास्टिक सर्जन की अनुपलब्धता के कारण महिला को विशेष इलाज के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
सिंह ने बताया कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाषा सं सलीम जितेंद्र
जितेंद्र