चतरगढ़ पट्टी में आरओबी का शीघ्र निर्माण और टोहाना में चार एक्सप्रेस रेलगाड़ियों का ठहराव हो: सैलजा

Ads

चतरगढ़ पट्टी में आरओबी का शीघ्र निर्माण और टोहाना में चार एक्सप्रेस रेलगाड़ियों का ठहराव हो: सैलजा

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 07:26 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 07:26 PM IST

चंडीगढ़, छह सितंबर (भाषा) कांग्रेस महासचिव और हरियाणा के सिरसा से लोकसभा सदस्य कुमारी सैलजा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को दो अलग-अलग पत्र लिखकर अपने निर्वाचन क्षेत्र में काफी समय से लंबित रेलवे से जुड़े मुद्दों के जल्द समाधान की मांग की।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने एक पत्र में रेल मंत्री से चतरगढ़ पट्टी रेलवे ऊपरगामी पुल (आरओबी) का निर्माण कार्य यथाशीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया है।

सैलजा ने निर्माण कार्य के दौरान छोटे और हल्के वाहनों के लिए एक वैकल्पिक मार्ग मुहैया कराने का अनुरोध किया। उन्होंने सुझाव दिया कि या तो पुराने रेलवे फाटक को कुछ समय के लिए फिर से खोला जा सकता है या फिर माल गोदाम के नजदीक वैकल्पिक रास्ता बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग को चतरगढ़ पट्टी की तरफ से काम शुरू करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि मंजूरी मिलने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, जिससे शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।

सैलजा ने एक और पत्र में टोहाना रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस रेलगाड़ियों के ठहराव की मांग की।

उन्होंने विशेष रूप से हजूर साहिब-अमृतसर एक्सप्रेस (12421/12422), हजूर साहिब नांदेड़-फिरोजपुर एक्सप्रेस (14621/14622), और हजूर साहिब नांदेड़-श्री गंगानगर एक्सप्रेस (12485/12486 और 12439/12440) का टोहाना में ठहराव देने का अनुरोध किया।

सैलजा ने कहा कि टोहाना इलाके के बहुत से लोग श्री हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) और दूसरे अहम धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा कि चूंकि इन रेलगाड़ियों का ठहराव इस समय टोहाना में नहीं है, इसलिए यात्रियों को इन रेलगाड़ियों में सवार होने के लिए दूसरे रेलवे स्टेशन तक जाना पड़ता है।

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल

ताजा खबर