मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की टिप्पणी पर विवाद : ‘हाइड्रा’ को बताया था हिटलर से प्रेरित

Ads

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की टिप्पणी पर विवाद : ‘हाइड्रा’ को बताया था हिटलर से प्रेरित

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 09:46 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 09:46 PM IST

हैदराबाद, सात जून (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के उस बयान की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी आलोचना की है, जिसमें रेड्डी ने कहा था कि ‘हाइड्रा’ एजेंसी का नामकरण करते समय उन्हें तानाशाह एडॉल्फ हिटलर से प्रेरणा मिली थी।

रेवंत रेड्डी ने बेंगलुरु में शनिवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि उन्होंने झीलों और जलाशयों पर व्यापक अतिक्रमण को देखने के बाद ‘हाइड्रा’ की स्थापना करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘गरीब लोगों द्वारा झीलों और नालों पर अतिक्रमण करना मैं समझ सकता हूं। आजकल, अमीर लोग अपने फार्महाउस के लिए जलाशयों पर अतिक्रमण कर रहे हैं और अपनी नालियों को उनसे जोड़ रहे हैं। मैंने इन सभी समस्याओं पर ध्यान दिया, तब मैंने एक कार्य बल -हाइड्रा- स्थापित करने का निर्णय लिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हाइड्रा, यह शब्द हिटलर का पसंदीदा शब्द है। उसकी मुख्य टीम को ‘हाइड्रा’ कहा जाता था, जो किसी की भी हत्या कर सकती थी। इसलिए, मैंने हिटलर से प्रेरणा ली है और इसका नाम हाइड्रा रखा है।’’

तेलंगाना सरकार ने जुलाई 2024 में हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया और संपत्ति संरक्षण एजेंसी (हाइड्रा) की स्थापना की, जिसका उद्देश्य झीलों जैसी सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण और अन्य अवैध गतिविधियों से बचाना है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए, केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री जी किशन रेड्डी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस की खतरनाक हिटलर जैसी, आपातकाल मानसिकता एक बार फिर सबके सामने आ गई है।’’

किशन रेड्डी ने कहा, ‘‘रेवंत रेड्डी अब खुलेआम शेखी बघार रहे हैं कि हिटलर ने उन्हें हाइड्रा स्थापित करने के लिए प्रेरित किया और हैदराबाद में उनकी सरकार द्वारा किए गए विध्वंसों की तुलना ईरान और इजराइल जैसे युद्धग्रस्त देशों में किए गए विध्वंसों से कर रहे हैं, जो उनके नेता राहुल गांधी की भाषा की प्रतिध्वनि है।’’

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में रेवंत रेड्डी को ‘‘नया हिटलर’’ करार दिया और आरोप लगाया कि लाखों गरीबों के घर ध्वस्त कर दिए गए हैं।

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने एक बयान में रेड्डी पर जमकर हमला बोला।

राव ने कहा, ‘‘आप (रेवंत रेड्डी) तानाशाहों का महिमामंडन करते हैं और गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों के घर गिराने में गर्व महसूस करते हैं। तेलंगाना आपके निरंकुश स्वभाव से पहले से ही परिचित है। हिटलर से प्रेरित तरीकों की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा करके आपने अपनी फासीवादी सोच को पूरे देश के सामने उजागर कर दिया है।’’

रामा राव ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस आलाकमान ऐसे मुख्यमंत्री का समर्थन करता है, जो इतिहास के सबसे क्रूर तानाशाहों में से एक को प्रेरणा स्रोत बताते हैं।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप