जयपुर, 20 सितंबर (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित खेड़ी टोल प्लाजा पर रविवार शाम टोल शुल्क को लेकर विवाद के बाद 10-12 वाहनों में सवार लोगों ने कथित तौर पर टोल प्लाजा पर हंगामा किया, कर्मचारियों से मारपीट की और गोलीबारी की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, किशनगढ़ की ओर से करीब 10-12 बिना नंबर की गाड़ियां खेड़ी टोल प्लाजा पहुंचीं, इनमें से एक वाहन चालक बिना टोल शुल्क चुकाए बैरियर तोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद दूसरे वाहन को टोलकर्मियों ने रोक लिया और उसकी चाबी निकाल ली। इस दौरान वाहन चालक मौके से भाग निकला, जबकि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति को पकड़कर टोल कार्यालय ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद आठ-नौ अन्य वाहनों में सवार लोग वहां पहुंचे और टोलकर्मियों से कथित तौर पर मारपीट करने लगे। आरोप है कि उन्होंने वाहनों को तेज गति से टोल प्लाजा के आसपास दौड़ाया और कर्मचारियों को कुचलने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए कर्मचारी टोल कार्यालय की ऊपरी मंजिल पर चले गए।
पुलिस के अनुसार, टोल कर्मियों का आरोप है कि गाड़ियों में सवार लोगों ने टोल कार्यालय की ओर गोलीबारी भी की। कर्मचारियों ने बचाव में ऊपर से पत्थर फेंके। आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंचे और टोलकर्मियों की मदद की।
घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगे लेकिन पुलिस ने पीछा कर छह वाहनों को जब्त किया और छह लोगों को पकड़ लिया।
घटना की सूचना पर सरवाड़, नसीराबाद, श्रीनगर, भिनाय और सराना थाना क्षेत्रों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला और केकड़ी के पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाषा बाकोलिया शोभना
शोभना