गुजरात: गंभीरा पुल हादसे में 22 लोगों की मौत के एक साल बाद मुख्यमंत्री ने नए पुल का उद्घाटन किया

Ads

गुजरात: गंभीरा पुल हादसे में 22 लोगों की मौत के एक साल बाद मुख्यमंत्री ने नए पुल का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 12:14 AM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 12:14 AM IST

वडोदरा, 20 सितंबर (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गंभीरा गांव के पास 40 साल पुराने पुल का एक हिस्सा ढहने की घटना में 22 लोगों की मौत के करीब एक साल बाद रविवार को आनंद और वडोदरा को जोड़ने वाले नए पुल का उद्घाटन किया।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद राज्य सरकार ने महीसागर नदी पर पुराने पुल के समानांतर दो लेन वाले नए पुल के निर्माण को मंजूरी दी थी और इसके लिए 212 करोड़ रुपये मंजूर किए थे।

उन्होंने बताया कि नौ जुलाई, 2025 को पुल का एक हिस्सा टूटने के बाद कई वाहन नदी में गिर गए थे।

इस घटना में 22 लोगों की मौत के बाद पुल के निरीक्षण में कथित लापरवाही को लेकर सरकार को जनता की आलोचना का सामना करना पड़ा था।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री पटेल ने रविवार को वडोदरा जिले के त्रिमंदिर में आयोजित कार्यक्रम में गंभीरा पुल समेत 1,297 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

पटेल ने कहा कि राज्य सरकार लगातार यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि हर गांव, परिवार और नागरिक विकास प्रक्रिया की मुख्यधारा से जुड़े।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 593 मकानों के निर्माण समेत विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल