पैरोल लेकर फरार हुआ दोषी 50 लाख रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार

Ads

पैरोल लेकर फरार हुआ दोषी 50 लाख रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 09:29 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 09:29 PM IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने हत्या के मामले में पैरोल लेकर 11 साल से फरार 42 वर्षीय व्यक्ति को 50 लाख रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शराफत अली उर्फ मामा को दिल्ली उच्च न्यायालय ने 2015 में पैरोल दी थी और इसकी अवधि पूरे होने के बाद उसने आत्मसमर्पण नहीं किया और फरार हो गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के निवासी अली को 30 अगस्त को डीएनडी फ्लाईओवर से पकड़ा गया था।

उन्होंने बताया कि उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि वह इस साल सात मार्च को खजूरी खास इलाके में बंदूक के बल पर 50 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित था।

पुलिस ने कहा कि अली पहले से दोषी अपराधी है। उसे 2007 में हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव