धुरंधर फिल्म विवाद: माधवन ने स्पष्टीकरण दिया

Ads

धुरंधर फिल्म विवाद: माधवन ने स्पष्टीकरण दिया

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 10:38 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 10:38 PM IST

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) अभिनेता आर. माधवन ने फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के एक दृश्य को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है, जिसमें उनके किरदार को सिख धार्मिक ग्रंथ ‘दसम ग्रंथ’ का कथित तौर पर छंद पढ़ते और सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब शिवसेना (शिंदे गुट) से संबद्ध ‘सिख्स इन महाराष्ट्र’ संगठन के अध्यक्ष गुरजोत सिंह कीर ने फिल्म निर्देशक आदित्य धर, मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह और माधवन सहित फिल्म की टीम पर गुरबानी का अपमान करने और सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में दिखाए गए दृश्य में माधवन द्वारा अभिनीत अजय सान्याल किरदार को सिगरेट पीते हुए गुरु गोविंद सिंह द्वारा रचित दसम ग्रंथ साहिब का एक पवित्र छंद – ‘सूरा सो पहचानिए जो लरै दीन के हेत’ पढ़ते हुए दिखाया गया है।

कीर ने एक बयान में कहा, ‘‘धुरंधर 2 के निर्माताओं द्वारा गुरबानी के प्रति दिखाई गई घोर अवहेलना की मैं कड़ी निंदा करता हूं। गुरबानी केवल संवाद नहीं है- यह दिव्य, पवित्र है और सिख समुदाय के लिए इसका अपार आध्यात्मिक महत्व है। इस तरह का गैरजिम्मेदाराना चित्रण अज्ञानता और हमारे धर्म के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है।’’

उन्होंने पूरे सिख समुदाय से एकजुट होकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया और कहा कि अगर धर, माधवन और सिंह एसजीपीसी और सिख समुदाय से ईमानदारी से माफी नहीं मांगते हैं, तो जहां भी वे दिखाई दें, उन्हें काले झंडे दिखाए जाएं।

माधवन ने मंगलवार शाम को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश पोस्ट करके स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा, ‘धुरंधर परिवार की ओर से, हम आप सभी को इतना प्यार देने के लिए हार्दिक धन्यवाद देते हैं। हाल ही में हमें पता चला है कि कुछ लोगों को इस बात से ठेस पहुंची है कि फिल्म के एक दृश्य में, गुरु गोविंद सिंह के दसम ग्रंथ की पंक्तियाँ पढ़ते समय, मैंने सिगरेट पी थी, और इससे उन्हें दुख हुआ है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, यह बिल्कुल गलत है।’

अभिनेता ने कहा कि यह एक गलतफहमी है और स्पष्ट किया कि उन्होंने पंक्तियाँ पढ़ने से पहले सिगरेट खत्म कर दी थी।

उन्होंने कहा, “मुझे पूरा यकीन है कि इस सीन से पहले, इस डायलॉग को बोलने से पहले, आदित्य धर, जो मुझसे भी अधिक इन सब बातों पर ध्यान देते हैं, ने मुझे सिगरेट को अच्छी तरह बुझा देने के लिए कहा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मैंने सिगरेट को ठीक से बुझा दिया था। और अगर आप सीन देखेंगे, तो आपको मेरे मुंह से धुआं निकलता हुआ नहीं दिखेगा, न ही फ्रेम में कहीं धुआं है, और न ही उस सीन के अंत तक धुएं का कोई अंश है।’’

अभिनेता के अनुसार, फिल्म टीम इस बात का खास ख्याल रखती थी कि किसी भी सीन से लोगों की भावनाओं को ठेस न पहुंचे।

उन्होंने कहा, “हम पूरे सिख समुदाय के साथ खड़े हैं। और हम उनका बहुत सम्मान करते हैं। मैं अपनी हर फिल्म की रिलीज से पहले स्वर्ण मंदिर जाता हूं; यह बात सभी जानते हैं। कृपया हमारे विश्वास पर भरोसा करें।’’

उद्योग ट्रैकिंग साइट ‘सैकनिल्क’ के अनुसार, फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई और इसने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर पहले ही 900 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

रणवीर अभिनीत यह फिल्म धर की 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ का सीक्वल है, जिसने विश्व स्तर पर बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी।

भाषा अमित सुरेश

सुरेश